Uttar Pradesh

उप्र के कानपुर परिक्षेत्र में बारिश की संभावना

उप्र में बारिश के साथ अब चलेंगी तेज हवाएं

कानपुर, 29 अगस्त (Udaipur Kiran) । मानसून की ट्रफ लाइन भले ही उत्तर प्रदेश से खिसक गई हो लेकिन बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। इसके साथ ही आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश से तापमान भी सामान्य चल रहा है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी हद तक राहत मिल रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों कानपुर परिक्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश होगी और अन्य जनपदों में भी बौछारें पड़ने की संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने गुरुवार को बताया कि सौराष्ट्र और कच्छ पर बना गहरा दबाव पिछले 8 से 10 घंटों से लगभग स्थिर है। इसके पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम दिशा में बढ़ने और 30 अगस्त की सुबह तक कच्छ और उससे सटे सौराष्ट्र और पाकिस्तान तट और उत्तर-पूर्व अरब सागर में उभरने की संभावना है। दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश पर चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है। समुद्र तल पर मानसून की द्रोणिका अब सौराष्ट्र और कच्छ, शिवपुरी, सिद्धि, जमशेदपुर, कोंटाई और फिर दक्षिण-पूर्व दिशा में बंगाल की खाड़ी के पूर्वी मध्य भाग में गहरे अवदाब के केंद्र से होकर गुजर रही है। मौसम की इन गतिविधियों से उत्तर प्रदेश में अभी बारिश का सिलसिला बना रहेगा। यह अलग बात है कि कहीं पर अधिक तो कहीं पर मध्यम बारिश होगी। वहीं कानपुर परिक्षेत्र में शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की पूरी संभावना है और तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली भी चमकने के आसार बने हुए हैं। कानपुर परिक्षेत्र के अलावा लगभग पूरे प्रदेश में बौछारें पड़ेगी और तेज हवाएं भी चलेंगी। इसके साथ ही आसमान में बादलों की आवाजाही से तापमान सामान्य बने रहने की संभावना है। बारिश के साथ तेज हवाएं मौसम का मिजाज बदलेंगी और उमस भरी गर्मी कमजोर रहेगी।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 34.2 और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 92 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 61 प्रतिशत रही। हवाओं की औसत गति 3.9 किमी प्रति घंटा रही और बारिश 46.2 मिमी हुई। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहेंगे। इस दौरान तेज हवाओं एवं गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / अजय सिंह

Most Popular

To Top