रांची, 18 मई (Udaipur Kiran) । प्रदेश कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुजनी ने कहा है कि भाजपा के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की सियासत झूठ पर टिकी है।
उन्होंने रविवार को कहा कि चंपाई की ओर से जिस तरह आदिवासी महिला से छेड़खानी के एक गंभीर मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का प्रयास हुआ और तथाकथित बांग्लादेशी घुसपैठियों की मनगढ़ंत कहानियां सुनाई गईं, वह केवल लोगों को गुमराह करने और मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश है।
मुजनी ने कहा की आदिवासी महिलाओं की सुरक्षा पर भाजपा दोहरी नीति अपना रही है। भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि जब दिल्ली में आदिवासी महिला के साथ बलात्कार होता है, तब उनके नेताओं की ज़ुबान क्यों सिल जाती है। झारखंड में महिलाओं के हक की बात करने से पहले भाजपा को अपने कर्मों का आईना देखना चाहिए।
चंपाई सोरेन को यह भी बताना चाहिए 2021 से 2024 के बीच अनुसूचित जातियों की 47,000 से ज़्यादा शिकायतें राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) में दर्ज की गई हैं, ये सभी शिकायतें भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की निगरानी में हैं।
सबसे ज़्यादा मामले भाजपा शासित राज्यों उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा से आए हैं, जिनमें जाति आधारित हिंसा, ज़मीन पर कब्ज़ा और रोज़गार और कल्याणकारी वितरण में घोर भेदभाव की घटनाएं शामिल हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
