Uttrakhand

हरियाणा में भाजपा की जीत पर उत्तराखंड में जश्न, महेंद्र भट्ट बोले- कांग्रेस के झूठे वादों पर भाजपा की गारंटी की जीत

बलबीर रोड स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में हरियाणा जीत पर कार्यकर्ता जश्न मनाते।

देहरादून, 08 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने हरियाणा में भाजपा के हैट्रिक लगाने और जम्मू-कश्मीर में शानदार प्रदर्शन पर पार्टी मुख्यालय में जश्न मनाया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने हरियाणा में जीत पर वहां की जनता, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और और कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने इस जीत को डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों की जीत बताया है। भट्ट ने कहा कि कांग्रेस के झूठे वादों पर भाजपा की गारंटी की जीत है।

जश्न के मौके पर प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार के कामों और पार्टी संगठन के प्रयासों का जीत हुई है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में भी पार्टी का प्रदर्शन बेहतर हुआ है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से जीत से बढ़े हौसले के साथ आगामी केदारनाथ उपचुनाव एवं निकाय चुनावों के लिए जुट जाने का आह्वान किया।

जश्न के दौरान मुख्यालय में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार के अलावा कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, विधायक राम सिंह कैड़ा, खजान दास, डॉ. देवेंद्र भसीन, मधु भट्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश कोली, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, रविंद्र कटारिया, विनोदसुयाल, सुभाष बड़थ्वाल, राजकुमार पुरोहित, सुनीता विद्यार्थी, अशोक वर्मा, रविंद्र वाल्मीकि, हेमराज बिष्ट “बजरंगी“ समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

—————-

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार

Most Popular

To Top