
धमतरी, 8 जून (Udaipur Kiran) । नगर निगम की ओर से बेसहारा मवेशियों को पकड़ने का अभियान लगातार जारी है। निगम की विशेष टीम द्वारा तीन दिन से नई मंडी से लेकर अर्जुनी मोड़ तक अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 28 बेसहारा मवेशियों को पकड़ा गया, जिन्हें सुरक्षित रूप से अर्जुनी स्थित गोठान में छोड़ा गया है। अभियान का उद्देश्य शहर में बढ़ते बेसहारा मवेशियों की समस्या पर नियंत्रण पाना है, जिससे नागरिकों को सड़क दुर्घटनाओं, यातायात अवरोध और सफाई व्यवस्था में आ रही परेशानियों से राहत मिल सके।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि कई बार चेतावनी के बावजूद पशु मालिक अपने मवेशियों को खुला छोड़ देते हैं, जिससे वे शहर की सड़कों पर घूमते हुए न सिर्फ ट्रैफिक बाधित करते हैं बल्कि दुर्घटना का कारण भी बनते हैं। निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। शहर के विभिन्न क्षेत्र में टीम द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। जो भी मवेशी खुले में घूमते पाए जाएंगे, उन्हें तत्काल पकड़कर गोठान में छोड़ा जाएगा। साथ ही पशु मालिकों पर भी जुर्माना लगाया जाएगा।मालूम हो कि सिहावा चौक, मकई चौक, रत्नाबांधा पुराना बस स्टैंड, अंबेडकर चौक, सोरिद पुल, काली मंदिर श्यामतराई कृषि उपज मंडी के पास जानवरों का अस्थाई ठौर है। इनसे टकराने से शहर के अंदर कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। यह अभियान नियमित रूप से जारी रहना चाहिए ताकि शहरवासियों को ट्रैफिक जाम, सड़क दुर्घटनाओं और साफ-सफाई संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
