
हमीरपुर, 8 फरवरी (Udaipur Kiran) । सुमेरपुर कस्बे के बांकी मार्ग का निवासी कक्षा आठ का छात्र घर से दौड़ लगाने के लिए निकला था। उसके बाद लापता हो गया। शनिवार को पिता ने पुलिस को तहरीर सौंपी है।
सुमेरपुर कस्बे के बांकी मार्ग निवासी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि उसका पुत्र बिट्टू उर्फ अंश यादव (14) कस्बे के स्टेशन मार्ग में संचालित एक विद्यालय में कक्षा आठवीं का छात्र है। शुक्रवार की शाम 7,30 बजे यह दौड़ लगाने की बात कह कर तपोभूमि गया था। यहां से वापस लौटकर वह नेहा चौराहा तक आया। घर जाने की बजाय वह नरही मार्ग की ओर जाता सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ। छोटी बाजार तक वह सीसीटीवी फुटेज में जाता दिख रहा है। इसके बाद वह लापता हो गया है। पिता ने पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने शनिवार को बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस छानबीन कर रही है। गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
—————
(Udaipur Kiran) / पंकज मिश्रा
