Delhi

सराय काले खां में अवैध पेड़ कटाई पर सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अभियंता के खिलाफ केस दर्ज

नई दिल्ली, 19 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । सराय काले खां गुरुद्वारे के पास अवैध रूप से पेड़ काटने के मामले में दिल्ली सरकार के वन विभाग ने सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। यह कार्रवाई दिल्ली प्रिजर्वेशन ऑफ ट्रीज एक्ट, 1994 की धारा 8/24 के तहत की गई। दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी थाने में दर्ज एफआईआर में कहा गया कि सात फरवरी को वन विभाग को सराय काले खां गुरुद्वारे के निकट सिद्धार्थ नगर में अवैध पेड़ कटाई की शिकायत प्राप्त हुई।

शिकायत के अनुसार, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा निर्माण कार्य के दौरान चार पेड़ों को बिना अनुमति के काटा गया।

शिकायत मिलने के बाद दक्षिणी वन प्रभाग के अधिकारियों ने तत्काल स्थल का निरीक्षण किया और अवैध कटाई की पुष्टि की। इसके बाद उप वन संरक्षक (दक्षिण) ने 11 फरवरी को थाना प्रभारी, सनलाइट कॉलोनी को पत्र लिखकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया। पत्र में अवैध पेड़ कटाई के साक्ष्य, निरीक्षण रिपोर्ट और फोटोग्राफ्स भी संलग्न किए गए थे। दक्षिण पूर्व जिले के डीसीपी रवि कुमार सिंह ने बताया कि उक्त शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Most Popular

To Top