
धार, 7 मई (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के धार जिले में कुक्षी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुक्षी-अलीराजपुर मार्ग पर स्थित ग्राम आली में बुधवार को एक तेज रफ्तार कार और दो बाइकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में जोबट क्षेत्र के रहने वाले पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बड़वानी रेफर किया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कुक्षी-अलीराजपुर रोड पर ग्राम आली में बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रही दूसरी बाइक भी कार से टकरा गई। इस हादसे में एक बाइक पर सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। मृतकों की पहचान जोबट के पास ग्राम उमरी निवासी जोरावर (45) और उनके बेटे दिनेश (24) के रूप में हुई है। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार कुक्षी के पास ग्राम पलासी के तीन युवक घायल हो गए। घायलों की पहचान वीरेंद्र पुत्र विक्रम, प्रकाश पुत्र भुवान) और नितेश पुत्र भूरसिंह के रूप में हुई है। तीनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को पहले कुक्षी सिविल अस्पताल लाया गया। यहां से उन्हें बड़वानी अस्पताल रेफर कर दिया गया। जोरावर और दिनेश को 108 एंबुलेंस से कुक्षी सिविल अस्पताल लाया गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। मृतकों का पोस्टमार्टम कुक्षी सिविल अस्पताल में किया जा रहा है।
(Udaipur Kiran) तोमर
