नई दिल्ली, 12 नवंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली के विकासपुरी में एलिवेटेड फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार ने दो बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक सवार फ्लाईओवर से नीचे गिर गए। इस हादसे से मौके पर अफरा -तफरी मच गई और वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोनों घायल युवक अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पश्चिमी जिले के डीसीपी विचित्रवीर के अनुसार सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे पीसीआर को एक कॉल मिली थी, जिसमें एक व्यक्ति के फ्लाई ओवर से नीचे गिरने के बारे में बताया गया था। पुलिस टीम मौके पर पहुंच तो एक घायल की पहचान आशीष दौलत (42 साल) निवासी जनकपुरी के रूप में हुई। दूसरा युवक विवेक सिंह (37) पालम इलाके का रहने वाला है।
दोनों बाइक सवार अलग अलग बाइक पर आ रहे थे। उसी दौरानी एक कार ने उन दोनों की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। कार की टक्कर से बाइक सवार दोनों युवक उछलकर फ्लाई ओवर से नीचे जा गिरे। हालांकि, दोनों बाइक फ्लाईओवर के ऊपर ही रुक गईं। पुलिस कार चालक को तलाशने में जुटी है।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
