CRIME

कार चालक ने कांस्टेबल को टक्कर मारी, घायल

कार चालक ने कांस्टेबल को टक्कर मारी, बंदूक के ऊपर से निकाली कार

जयपुर, 19 जुलाई (Udaipur Kiran) । आदर्श नगर थाना इलाके में स्थित गुरुद्वारा मोड़ पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक दिल्ली नम्बरों की कार को रुकने का इशारा किया। इस पर चालक ने नाकाबंदी में तैनात कांस्टेबल को टक्कर मार दी। टक्कर से कांस्टेबल की एसएलआर बंदूक सड़क पर गिर गई। चालक ने बंदूक के ऊपर से कार निकाल ली। इससे बंदूक को नुकसान पहुंचा है। टक्कर से कांस्टेबल को भी चोट आई है। टक्कर मारने के बाद चालक कार लेकर भाग निकला। घटना के सम्बंध में यातायात पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल हरदयाल सिंह ने मामला दर्ज करवाया है। हादसे में घायल कांस्टेबल का वर्तमान में निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जांच अधिकारी एसआई ममता मीणा ने बताया कि हरदयाल सिंह और कांस्टेबल लालचंद गुरुद्वारा मोड़ पर 18 जुलाई की रात नाकाबंदी में तैनात थे। रात करीब एक बजे ट्रांसपोर्ट नगर की तरफ से एक दिल्ली नम्बरों की कार लहराते हुए तेज गति से आती नजर आई। इस पर कार को रुकने का इशारा किया गया। चालक ने नाकाबंदी देखकर कार को तेजी से वापस मोड़ लिया। इस पर कांस्टेबल ने कार को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसकी एसएलआर बंदूक सड़क पर गिर गई। चालक कार को बंदूक के ऊपर से निकाल कर वापस ट्रांसपोर्ट नगर की तरफ भाग निकला। कार को गुडगांव हरियाणा निवासी ध्रुव कक्कड़ चला रहा था।

आगरा रोड़ पर दबोचा आरोपित को, भेजा जेल

हादसे की सूचना पर पुलिस ने जयपुर शहरभर में नाकाबंदी करवाई। टक्कर मारने के बाद आरोपित अपनी महिला मित्र के साथ घाट की गुणी टनल होकर आगरा रोड की तरफ निकल गया। कानोता पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान आगरा रोड पर आरोपित कार चालक ध्रुव को दबोच लिया। उसके साथ एक युवती भी थी। पुलिस ने कार चालक को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

जांच अधिकारी एसआई ममता मीणा ने बताया कि रात को आरोपित ध्रुव महिला मित्र के साथ घूमने निकला था। पुलिस की नाकाबंदी देखकर उसने भागने का प्रयास किया, इसमें उसने कांस्टेबल को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हालांकि घटना के करीब आधा घंटे बाद आरोपित को कानोता पुलिस ने दबोच लिया। घटना में हरदयाल की चालान मशीन भी टूट गई।

(Udaipur Kiran) सैनी / संदीप

Most Popular

To Top