Uttrakhand

विकास की ओर उन्मुख उत्तराखंड की तस्वीर है कैग की रिपोर्ट : मनवीर चौहान

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान।

देहरादून, 23 अगस्त (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड भाजपा ने जारी कैग की रिपोर्ट को विकास की तस्वीर और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में श्रेष्ठ राज्य बनाने की कोशिशों पर प्रमाणिक मुहर बताया है। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि पहली बार सकल राज्य घरेलू उत्पाद के आंकड़े का तीन लाख करोड़ से पार जाना एवं जीडीपी में 6.71 प्रतिशत की औसत वृद्धि और राजकोषीय घाटे में गिरावट स्पष्ट संकेत है कि उत्तराखंड विकास की सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।

भाजपा मुख्यालय पर मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने सत्र के दौरान सदन के पटल पर प्रस्तुत महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट को प्रदेशवासियों के लिए सुखद खबर बताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सवा करोड़ जनता वर्तमान दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। इसके सुखद परिणाम चारों ओर दिखाई देते हैं। अब उसकी पुष्टि कैग की रिपोर्ट से भी हो गई है। भारत दुनिया की तीसरी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। उत्तराखंड अपनी जीएसडीपी को 3.02 लाख करोड़ के पार ले जाकर उसमें महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। प्रदेश के बजट का आकार लगभग 11 प्रतिशत वृद्धि के साथ 71 हजार करोड़ होना समृद्धि के आंकड़े बयां करते हैं।

राज्य में उत्पादित वस्तुओं एवं सेवाओं के बढ़ते आकार से भी उत्तराखंड आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है। गत पांच वर्षों में प्रदेश की जीडीपी में 6.71 फीसदी की औसत वृद्धि इसकी गवाही दे रही है। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार ने कुशल प्रबंधन से अपने खर्च में औसत कमी लाकर राजस्व में वृद्धि करने का काम किया है। इसके चलते सरकार राजकोषीय घाटे में बड़ी गिरावट लाते हुए 2022-23 में राजस्व अधिशेष 5310 करोड़ करने में सफल हुई है। सरकार की कोशिश विकसित उत्तराखंड बनाने की दिशा में कारगर साबित हो रही है। ऐसे में कैग की यह रिपोर्ट सरकार और प्रत्येक उत्तराखंडवासी का हौसला बढ़ाने वाली है।

(Udaipur Kiran) / कमलेश्वर शरण / वीरेन्द्र सिंह

Most Popular

To Top