
– शिलांग-सिलचर फोर लेन नेशनल हाइवे से पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी को मिलेगा नया आयाम
गुवाहाटी, 30 अप्रैल (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी, असम प्रदेश ने केंद्र सरकार द्वारा जातीय जनगणना 2025 को लेकर लिए गए कैबिनेट के फैसले का जोरदार स्वागत किया है। इस संबंध में जारी एक बयान में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि यह वैज्ञानिक और ऐतिहासिक निर्णय सामाजिक न्याय के प्रति सरकार की गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के छह दशक के शासन में नीतिगत दृढ़ता और सामाजिक संरचना से जुड़ा समुचित आंकड़ा संग्रह नहीं होने के कारण सामाजिक न्याय केवल एक नारा बनकर रह गया था। इसके चलते नीति निर्माण और बजट आवंटन जैसे क्षेत्रों में प्रभावी हस्तक्षेप नहीं हो सका। अब यह ऐतिहासिक निर्णय आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों, अनुसूचित जातियों, जनजातियों और अन्य पिछड़ा वर्गों के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।
सैकिया ने कहा कि यह फैसला राम मनोहर लोहिया और कर्पूरी ठाकुर जैसे सामाजिक न्याय के पुरोधाओं को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक इस वर्ग के लिए बनाई गई योजनाएं अनुमान के आधार पर बनती थीं, जिनमें आंकड़ों की कमी के चलते सामाजिक समानता और सर्वांगीण विकास नहीं हो पाया। लेकिन 2025 की जनगणना और इस पर आधारित योजनाएं वैज्ञानिक और ठोस आंकड़ों पर आधारित होंगी।
सैकिया ने स्पष्ट किया कि सामाजिक न्याय अब केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह ठोस राजनीतिक इच्छाशक्ति से जुड़ा हुआ क्रियान्वयन बनना चाहिए – जो मौजूदा नेतृत्व में संभव हो रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने पिछड़े वर्गों के अधिकार और प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाए हैं। 2025 की जातीय जनगणना के लिए कैबिनेट का यह फैसला सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत की एक सशक्त अभिव्यक्ति है।
इसके साथ ही असम भाजपा ने शिलांग से सिलचर तक बनने वाले 166 किलोमीटर लंबे फोर-लेन नेशनल हाईवे को भी एक ऐतिहासिक निर्णय बताया है। करीब 22,864 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस राजमार्ग को लेकर सैकिया ने कहा कि इससे असम, मेघालय और पूरे पूर्वोत्तर की संपर्क व्यवस्था में भारी सुधार होगा। उन्होंने इस महत्त्वपूर्ण परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हार्दिक आभार जताया।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
