Madhya Pradesh

प्रभात झा के निधन पर मप्र सरकार के कैबिनेट मंत्रियों ने जताया गहरा दुख

प्रभात झा के निधन पर मप्र सरकार के कैबिनेट मंत्रियों ने जताया गहरा दुख

भोपाल, 26 जुलाई (Udaipur Kiran) । भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा के निधन पर शुक्रवार को मध्‍यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्रियों ने गहरा दुख जताया है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने प्रभात झा के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके निधन को बड़ा आघात बताया है। मंत्री तोमर ने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिवार को इस गहन दुख को सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मंत्री तोमर ने कहा है कि स्वर्गीय झा प्रखर पत्रकार, लेखक और अध्ययनशील व्यक्तित्वय के धनी थे। उन्होंने कहा कि उनका जाना हम सबके लिए अपूरणीय क्षति है।

बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्ति थे प्रभात झा : राज्य मंत्री बागरी

नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि स्व. झा बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्ति थे। उनसे हमेशा सीखने को मिला। राज्य-मंत्री बागरी ने कहा कि स्व.झा वरिष्ठ पत्रकार थे। उन्होंने राज्यसभा में भी प्रभावी तरीके से जनता का प्रतिनिधित्व किया। उनके अचानक चले जाने से हम सभी दुखी है। राज्य मंत्री बागरी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

प्रभात झा का जाना हम सबके लिए अपूरणीय क्षति : मंत्री निर्मला भूरिया

महिला बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने पूर्व राज्यसभा सदस्य और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं कर्मठ नेता प्रभात झा के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके निधन को बड़ा आघात बताया है। मंत्री भूरिया ने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिवार को इस गहन दुख को सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मंत्री भूरिया ने कहा है कि स्वर्गीय झा प्रखर पत्रकार, लेखक और अध्ययनशील व्यक्तित्वय के धनी थे। उन्होंने कहा कि उनका जाना हम सबके लिए अपूरणीय क्षति है।

स्व. प्रभात झा असाधारण एवं विलक्षण प्रतिभा के धनी थे : वन मंत्री रामनिवास रावत

वन एवं पर्यावरण मंत्री रामनिवास रावत ने ने कहा कि स्व. प्रभात झा असाधारण एवं विलक्षण प्रतिभा के धनी थे। उन्होंने कहा कि प्रभात झा भाजापा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, राज्यसभा सदस्य, मध्यप्रदेश भाजापा अध्यक्ष और भाजापा के राष्ट्रीय कार्यकारणी के पदाधिकारी भी रहे। स्व. प्रभात जी विचारवान, दयावान और परिश्रमी व्यक्तित्व के धनी थे। स्व. प्रभात झा से असंख्य कार्यकर्ता अनंतकाल तक कृतज्ञ रहेंगे। मंत्री रावत ने उनके परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिये ईश्वर से प्रार्थना की है। मंत्री श्री रावत ने स्व. प्रभात झा को श्रृंद्धाजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिये ईश्वर से प्रार्थना की।

एक बेहतर पत्रकार होने के साथ बहुत दूरदर्शी राजनीतिज्ञ थे झा : ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि स्व. झा लेखनी के धनी थे। एक बेहतर पत्रकार होने के साथ वे बहुत दूरदर्शी राजनीतिज्ञ भी थे। मंत्री श्री शुक्ला ने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करने एवं शोकाकुल परिवार को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

प्रभात झा बहुमुखी प्रतिभा के धनी और प्रखर राजनेता थे : मंत्री टेटवाल

कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने कहा कि प्रभात झा बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। झा लेखक, सामाजिक कार्यकर्ता, विचारक एवं प्रखर राजनेता थे। उन्होंने कई क्षेत्रों में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। कई राजनेताओं एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के गुरू के रूप में पार्टी को नई ऊॅंचाईयां दीं। झा के परलोक गमन से राजनीति के क्षेत्र में बहुत बड़ी क्षति हुई है। मंत्री टेटवाल ने श्रद्धांजलि देते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहने शक्ति प्रदान करने प्रार्थना की है।

प्रभात झा ने विभिन्न पदों में रहकर संगठन के सिद्धांतों को दी मजबूती : मंत्री उदयप्रताप सिंह

स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदयप्रताप सिंह पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्व. प्रभात झा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मंत्री श्री सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा है, कि स्वर्गीय प्रभात झा ने भाजपा संगठन के विभिन्न पदों में रहकर संगठन के सिद्धांतों को मजबूती दी है। उनके नेतत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक जुट होकर काम किया। मंत्री सिंह ने स्व.झा के संसदीय कार्यकाल का भी स्मरण किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।

झा के समर्पण भाव से प्रदेश में भाजपा संगठन को बहुत मजबूती मिली : मंत्री कैलाश विजयवर्गीय

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्व.श्री प्रभात झा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि स्व. झा के समर्पण भाव से प्रदेश में भाजपा संगठन को बहुत मजबूती मिली है। स्व. झा ने राज्यसभा के सदस्य होंने के नाते भी मध्यप्रदेश के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनकी नेतत्व क्षमता को हमेशा याद रखा जायेगा। नगरीय विकास मंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है

हमने एक कर्मठ एवं जुझारू नेता को खो दिया : मंत्री गोविंद सिंह राजपूत

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि झा के निधन से हमने एक कर्मठ एवं जुझारू नेता को खो दिया है। राजपूत ने कहा कि झा के निधन से जो शून्यता उभरी है, उसे लंबे समय तक नहीं भरा जा सकता। राजपूत ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवारजनों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत तोमर

Most Popular

To Top