Uttrakhand

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सुनीं जनसमस्याएं, बोलीं- जनहित के मुद्दों पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना की लाभार्थियों संग कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या (मैरून दुपट्टा में)।

– अनुपस्थित पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता से मांगा स्पष्टीकरण, रोका वेतन

– कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से मिला एबीवीपी और यूथ फाउंडेशन का युवा दल

रुद्रप्रयाग/देहरादून, 27 सितंबर (Udaipur Kiran) । कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को रुद्रप्रयाग जिले के राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज वसुकेदार में आयोजित जनता दरबार में जनसमस्याएं सुनीं और जल्द से जल्द समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश की जनता हमारे लिए देवतुल्य है और हम उनके सुगम जीवन के लिए पूर्णरूप से प्रतिबद्ध है। क्षेत्र से जुड़ी जिन योजनाओं के टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई है, उन पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आचार संहिता से पहले कार्य शुरू करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही कार्य न किए जाने पर अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की हिदायत दी। वहीं बहुउद्देशीय शिविर में अनुपस्थिति के चलते लोक निर्माण विभाग रुद्रप्रयाग के अधिशासी अभियंता से कैबिनेट मंत्री ने स्पष्टीकरण मांगा और मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग को वेतन रोकने का आदेश दिया। मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगर भविष्य में इस प्रकार का गैर जिम्मेदाराना रवैया दोहराया गया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी तय समय सीमा के भीतर जनसमस्याओं का समाधान करें। लापरवाही कत्तई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के लाभार्थियों से भी भेंट की और महिलाओं को महालक्ष्मी किट बांटी।

केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में फिर लहराएगी भाजपा की पताका

जनता दरबार के बाद मंत्री रेखा आर्या ने अगस्त्यमुनि नगर में भारतीय जनता पार्टी के संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक की और प्रस्तावित केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए रणनीति पर विचार-विमर्श किया। बूथ अध्यक्षों व कार्यकर्ताओं से मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व कुशलता का जन-जन तक प्रचार करें और लोक कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में अंतिम व्यक्ति तक को जानकारी उपलब्ध कराएं। मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और दृढ़ता के साथ पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। उनकी मेहनत जरूर रंग लाएगी और केदारनाथ विधानसभा में एक बार फिर भाजपा का विजय पताका लहराएगा।

बैठक से पूर्व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के युवा कार्यकर्ताओं और यूथ फाउंडेशन से प्रशिक्षित युवाओं के एक दल ने मंत्री रेखा आर्या से भेंट की।

(Udaipur Kiran) / कमलेश्वर शरण

Most Popular

To Top