HEADLINES

वाव विधानसभा सीट पर 13 नवंबर को होगा उपचुनाव

बनासकांठा लोकसभा सीट की सांसद गेनीबेन ठाकोर, जिनके वाव विधानसभा सीट से इस्तीफा देने के बाद यहां होगा उप चुनाव।

-गेनीबेन के लोकसभा चुनाव में बनासकांठा सीट से निर्वाचित होने के बाद उनके इस्तीफे से खाली थी सीट

अहमदाबाद, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । चुनाव आयोग ने बनासकाँठा जिले की वाव विधानसभा सीट पर मंगलवार को उपचुनाव की घोषणा की है। इसके तहत 18 अक्टूबर को वाव विधानसभा सीट के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की जाएगी वहीं 13 नवंबर को मतदान होगा। 23 नवंबर को परिणाम घोषित किया जाएगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में महाराष्ट्र और झारखण्ड विधानसभा के आम चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही विभन्न 15 राजयों की 48 विधानसभा सीट पर उप चुनाव की घोषणा की है। इसके तहत गुजरात की 07-वाव विधानसभा सीट पर 13 नवंबर को मतदान होगा। वाव विधानसभा सीट के लिए 18 अक्टूबर से 25 अक्टूबर (सार्वजनिक छुट्टिया छोड़कर) को उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र दाखिल कर पाएंगे। वाव विधानसभा क्षेत्र में कुल 321 पोलिंग स्टेशन है, जिसमें 15 अक्टूबर, 2024 तक कुल मतदाताओं की संख्या 3,10,681 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1,61,293 और महिला मतदाताओं की संख्या 1,49,387 है। एक थर्ड जेंडर भी मतदाता है। गुजरात विधानसभा के लिए वर्ष 2022 में चुनाव हुआ था, जिसमें वाव सीट पर कांग्रेस की गेनी बेन ठाकोर जीतने में सफल हुई थी। वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने गेनीबेन को बनासकांठा सीट से मैदान में उतरा था, जिसमें उन्हें जीत हासिल हुई थी। इसके बाद उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, जिससे यह सीट खाली थी।

—————

(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय

Most Popular

To Top