
फिरोजाबाद, 20 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । भाजपा सांसदों के साथ हुई धक्का-मुक्की और अभद्रता के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने टूंडला- एटा रोड पर कांग्रेस का पुतला दहन कर विरोध जताया। इस दौरान कांग्रेस के विरोध में जमकर नारेबाजी भी की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह और भाजयुमो जिलाध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में टूंडला स्थित एटा रोड पर भाजपाई एकत्रित हो गए। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रकट कर पुतला दहन किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष उदय प्रताप ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान और संसद भवन के सामने कांग्रेस पार्टी के सांसदों द्वारा भाजपा के सांसदों के साथ धक्का-मुक्की व अभद्र व्यवहार कर अपमान करना बेहद शर्मनाक है। कांग्रेस खिसियाकर ऐसी ओछी हरकत कर रही है। भाजपा सांसदों के साथ धक्का-मुक्की करना न्याय संगत नहीं है। इस घटना से कांग्रेसियों की ओछी मानसिकता का पता लगता है। उन्होंने कहा कि इस अपमान को भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेगा। भाजपाइयों ने बाबा साहब का अपमान नहीं सहेंगे के नारे भी लगाए।पुतला दहन करने वालों में जिला उपाध्यक्ष हनुमंत बघेल, वीरेन्द्र प्रताप सिंह, विनोदपाल सिंह बिन्नू, सुरेंद्र सावन झा, देशदीपक चौहान, देवांशु भारद्वाज, अभिषेक पचौरी, अमलेश राजपूत, डा. अमित गुप्ता रहे।
(Udaipur Kiran) / कौशल राठौड़
