
जींद, 2 मार्च (Udaipur Kiran) । राष्ट्रीय सर्व बूरा सिरोही खाप का 12वां स्थापना दिवस और सम्मान समारोह रविवार को हाट गांव में संपन्न हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य संस्कृति, संस्कार, धर्म और सम्मान की सुरक्षा करना रहा।
खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणवीर सिंह बूरा ने कहा कि समाज की एकता और भाईचारे को मजबूत करने के साथ सामाजिक कुरीतियों को दूर करने पर जोर दिया जाएगा।
समारोह में बूरा सिरोही रत्न पुरस्कार से समाज के प्रतिष्ठित लोगों को सम्मानित किया गया। इसमें बूरा सिरोही गोत्र के आईएएस, आईपीएस, एचसीएस अधिकारी, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी, बिना दहेज शादी करने वाले व्यक्ति और आयोजन स्थल हाट गांव के सम्मानित नागरिक शामिल रहे।
समारोह में विभिन्न विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। इनमें सामाजिक संदेश, खाप का महत्व, नशा मुक्ति, कीटनाशकों के दुष्प्रभाव, जैविक खेती, दहेज प्रथा, भाईचारा और प्रेम का संदेश शामिल रहा। इस दौरान सत्यनारायण बूरा, दिलबाग सिंह कुंडू, धर्मपाल बूरा, कुलदीप बूरा, दिलबाग सिंह बूरा, महेंद्र बूरा, अजीत सिंह, आनंद राज सिरोही यूपी, मास्टर राम चंदर बूरा ने विचार व्यक्त किए।
अलग-अलग श्रेणी में दिए सम्मान
बूरा रत्न सम्मान के तहत 101 वर्षीय रखनु बूरा, जीतराम शर्मा, ठाकुर शिव मंदिर समिति और मास्टर राजपाल निंभा को सम्मानित किया गया।
दहेज मुक्त विवाह करने वालों में अनिरुद्ध बूरा, मोहित बूरा, प्रभात बूरा, रामदिया बूरा, कपिल बूरा, परमीत बूरा, सुभे सिंह बूरा और राजकुमार को सम्मान मिला। शहीदों के परिजनों में रामचंदर बूरा और प्रेम सिंह बूरा को विशेष सम्मान दिया गया। एकल बालिका वाले परिवारों में बलजीत सिंह बूरा और हरिओम बूरा को भी सम्मानित किया गया।
खेल जगत में उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाडिय़ों में चेतन बूरा, अभिषेक बूरा, अमित बूरा, मोहित बूरा, सोनू बूरा, पूनम बूरा, मनुज बूरा, परविंदर बूरा, देव बूरा शामिल रहे। इन खिलाडिय़ों ने तीरंदाजी, कुश्ती, कबड्डी और जूडो में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की। सामाजिक कार्यों में योगदान देने वाले जितेंद्र बूरा और राजेश बूरा को सम्मानित किया गया।
—————
(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा
