Uttar Pradesh

प्रदेश में होगा बी.आर. आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्रों का निर्माण

केंद्र पर निर्माण श्रमिकों के लिए उपलब्ध होंगी मूलभूत सुविधाएं

लखनऊ,03 मई (Udaipur Kiran) । श्रमिकों के लिए शहरों में सुविधा स्थल विकसित किया जाएगा, जहां पेयजल, शौचालय, शेड और श्रमिक सुविधा केंद्र की व्यवस्था होगी। यह स्थल सीएससी सेंटर के रूप में कार्य करेगा, जहां श्रमिकों को पंजीकरण, नवीनीकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं आवेदन की सुविधा मिलेगी। इससे श्रमिकों के समय और पैसे की बचत होगी, साथ ही शहर में ट्रैफिक अवरोध कम होगा और उनका मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होगा। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने शनिवार को उत्तर प्रदेश में बी.आर. आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र योजना की प्रगति की समीक्षा की और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

अपने संबोधन में मुख्य सचिव ने कहा कि केंद्र की स्थापना के लिए भूमि चिन्हांकन के कार्य में प्रगति लाई जाए। केंदों की स्थापना में नगर निगम से युक्त जनपदों को वरीयता दी जाए।

प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन डॉ० एम0 के० शन्मुगा सुन्दरम ने बताया कि बी०आर० आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र योजना के तहत 17 नगर निगमों एवं 1 अथॉरिटी (नोएडज्ञ) से कुल 84 श्रमिक अड्डों के निर्माण हेतु प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। 11 नगर निगमों आगरा, मथुरा, अलीगढ़, प्रयागराज, शाहजहांपुर, अयोध्या, वाराणसी, झांसी, सहारनपुर, गाजियाबाद, गोरखपुर से भूमि उपलब्धि की रिपोर्ट भेजी गयी है। इन केंद्रों की डिज़ाइन मुख्य सचिव के समक्ष प्रदर्शित की गई। ट्रांसलिंक कंसल्टेंट्स ने इन केंद्रों के विकास के समर्थन में अपने लेबर अड्डों के सर्वेक्षण निष्कर्ष और डिज़ाइन प्रस्ताव साझा किए।

योजना के अन्तर्गत निर्माण श्रमिकों के लिए मौसम अनुकूल शेड, बैठने हेतु स्थाई बेंच, सोलर लाईट, मोबाइल चार्जर प्वाइंट, पेयजल, स्नान घर/शौचालय, प्राथमिक उपचार तथा साफ-सफाई के दृष्टिगत पक्की फर्श आदि की व्यवस्था की जाएगी। बैठक में श्रम आयुक्त मार्कण्डेय शाही, उप श्रम आयुक्त शमीम अख्तर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

—————

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Most Popular

To Top