HEADLINES

बंगाल की खाड़ी में ट्रॉलर डूबने से लापता नौ में से आठ मछुआरों के शव बरामद

सांकेतिक तस्वीर

कोलकाता, 22 सितंबर (Udaipur Kiran) । बंगाल की खाड़ी में ट्रॉलर डूबने से लापता हुए नौ में से आठ मछुआरों के शव रविवार को बरामद किए गए। शुक्रवार देर रात बंगाल की खाड़ी में टार्नेडो (तूफान) की चपेट में आकर मछुआरों का एक ट्रॉलर डूब गया था। इस ट्रॉलर का नाम एफबी गोविंद था, जिसमें कुल नौ मछुआरे सवार थे। हादसे के बाद से सभी मछुआरे लापता हो गए थे। शनिवार सुबह यह खबर मिलने पर काकद्वीप से कई ट्रॉलरों को डूबे हुए ट्रॉलर की तलाश में भेजा गया।

पश्चिम बंगाल के सुंदरबन मामलों के मंत्री बंकीम हाजरा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में आए प्राकृतिक आपदा में एक ट्रॉलर डूब गया, जिसमें नौ मछुआरे लापता हो गए थे। दो दिन की कोशिशों के बाद ट्रॉलर को ढूंढा जा सका है। अब तक आठ मछुआरों के शव बरामद हुए हैं। एक मछुआरा अभी भी लापता है। उसकी तलाश जारी है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। घटनास्थल पर मृतकों के परिजन रोते-बिलखते नजर आ रहे हैं। मौके पर मंत्री हाजरा, मथुरापुर लोकसभा सदस्य बापी हालदार, सुंदरबन जिले के पुलिस अधीक्षक समेत कई अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे।

रविवार सुबह से ट्रॉलर को ढूंढने का काम कई मुश्किलों के बाद शुरू किया गया। अंततः ट्रॉलर एफ बी बाबा गोविंद को खोजने के बाद इसे करीब आठ अन्य मछुआरों की ट्रॉलरों की मदद से नामखाना ब्लॉक के हरिपुर के पास लुथियान द्वीप तक खींचा गया। ट्रॉलर में तलाशी अभियान के दौरान अब तक आठ मछुआरों के शव बरामद किए जा चुके हैं। एक मछुआरा अभी भी लापता है, जिसकी खोज जारी है। बरामद सभी मछुआरों के शवों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है।

————-

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Most Popular

To Top