HEADLINES

भाजपा का सदस्यता अभियान केवल पार्टी की ताकत बढ़ाने के लिए नहीं, देश को सशक्त करने के लिए है

भाजपा मुख्यालय में सोमवार को सदस्यता अभियान को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

नई दिल्ली, 02 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान-2024 का शुभारंभ करते हुए कहा कि भाजपा एकमात्र पार्टी है जो लोकतंत्र का पालन करती है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान केवल पार्टी की ताकत बढ़ाने के लिए नहीं बल्कि भारत को सशक्त करने के लिए है।

प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और अमित शाह के साथ भाजपा मुख्यालय में पार्टी के ‘सदस्यता अभियान’ का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रधानमंत्री मोदी ने मिस्ड कॉल सेवा के माध्यम से अपनी भाजपा सदस्यता का नवीनीकरण किया और 2024 में पार्टी के पहले सदस्य बने। प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भाजपा सदस्यता प्रमाण पत्र भी प्राप्त किया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज सदस्यता अभियान का एक और दौर प्रारंभ हो रहा है। भारतीय जनसंघ से लेकर अब तक हमने देश में एक नई राजनीतिक संस्कृति लाने का भरसक प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि जब तक जिस संगठन के माध्यम या जिस राजनीतिक दल के माध्यम से देश की जनता सत्ता सुपुर्द करती है, वो ईकाई, वो संगठन और वो दल अगर लोकतांत्रिक मूल्यों को नहीं जीता है, उसमें आंतरिक लोकतंत्र निरंतर पनपता नहीं है तो वैसी स्थिति बनती है जो आज देश कई दलों को हम देख रहे हैं। उन्होंने कहा, “भाजपा एक मात्र दल है, जो अपनी पार्टी के संविधान के अनुसार अक्षरश: लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अपने कार्य का विस्तार कर रहा है और जन-सामान्य की आशा, आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए अपने आप को निरंतर योग्य बनाते रहता है।”

प्रधानमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से देश के सीमावर्ती गांवों से सदस्यता अभियान की शुरुआत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें इन गांवों में एक विशेष इकाई बनाकर सदस्यता अभियान चलाना चाहिए और पूरे गांव को भाजपा का सदस्य बनाना चाहिए। उन्होंने विश्वास के साथ कहा कि ये सदस्यता अभियान पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ेगा।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि सदस्यता अभियान की शुरुआत सबसे कमज़ोर मतदान केंद्र से करनी चाहिए जहां पार्टी को सबसे कम वोट मिले हों। चुनौतियों को चुनौती देना भाजपा की रगों में है। जहां लोग भाजपा को स्वीकार करते हैं, वहां सदस्य बनाना आसान है। हालांकि, हमें वहां सदस्य बनाने की ज़रूरत है जहां हमें चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

प्रधानमंत्री ने जनसंघ के दिनों में पार्टी कार्यकर्ता द्वारा दीवारों पर दीपक पेंट करने और विपक्षी दलों के नेता के भाषणों में इसका मजाक उड़ाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए कहा जाता था कि उसका एक पैर रेल में होता है और दूसरा जेल में होता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर भी जोर दिया कि भाजपा के लिए सदस्यता अभियान परिवार विस्तार है न कि आंकड़ों का खेल। ये सदस्यता अभियान एक पूर्णरूप से वैचारिक और भावनात्मक आंदोलन भी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, “ये जो सदस्यता अभियान होगा, जो संगठन की संरचना होगी उसी कालखंड में विधानसभाओं और लोकसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू हो गया होगा। महिलाओं के लिए अगर ये 33 प्रतिशत आरक्षण इसी कालखंड में आने वाला है तो क्या मेरे सदस्यता अभियान में मैं वैसे सभी लोगों को जोड़ूंगा, जो मेरी पार्टी के इतने महत्वपूर्ण निर्णय में अधिकतम महिलाओं को विजयी बनाकर एमएलए, एमपी बना सकें।”

—————

(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार

Most Popular

To Top