
जयपुर, 31 मई (Udaipur Kiran) । केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भाजपा का कार्यदर्शन राजमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन और व्यक्तित्व से प्रभावित है।
जयपुर में मीडिया से बातचीत में शेखावत ने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई होलकर राष्ट्र का गौरव थीं। उन्होंने जिस तरह महिला सशक्तीकरण, स्वराज्य की स्थापना, राष्ट्र गौरव के चेतना केंद्रों के पुनर्निर्माण और अन्त्योदय की कल्पना के साथ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन लाने के लक्ष्य को लेकर काम किया था, ठीक उसी तर्ज पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और राज्य सरकारें इन सब विषयों को लेकर एक साथ काम कर रही हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान भाजपा के लिए आज गर्व का पल रहा कि राजमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने यहां आकर सभी का मार्गदर्शन किया। शेखावत ने कहा कि उनके मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं को यह प्रेरणा मिली कि हमें किस तरह भविष्य में भी राजमाता के पदचिह्नों पर आगे बढ़ना है। केंद्रीय मंत्री शेखावत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व अन्य भाजपा नेताओं के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। वे जवाहर सर्किल से ईपी तक ओपन जीप में सवार हुए। जीप के आगे भाजपा की प्रमुख महिला नेता तिरंगा लेकर चल रही थीं। इस दौरान पार्टी की महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला भी बनाई। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व अन्य भाजपा नेताओं के साथ स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पौधारोपण भी किया।
—————
(Udaipur Kiran) / रोहित
