
भागलपुर, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार के नेतृत्व में गुरुवार को दीपनगर स्थित कांग्रेस भवन का घेराव भाजयूमो के जिला अध्यक्ष चन्दन ठाकुर के संयोजन में किया गया। उल्लेखनीय है कि गृह मंत्री अमित शाह के द्वारा राज्यसभा में दिए गए भाषण को लेकर कांग्रेस देश भर में भाजपा के प्रति नकरात्मक प्रचार कर रही है। इसी नकारात्मकता का मुँहतोड़ जबाब देने के लिए आज शाम चार बजे भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस कार्यालय का घेराव करते हुए आक्रोश पूर्ण घेराव किया गया।
मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि संसदीय इतिहास का आज काला दिन है। मर्यादा तार-तार हो गई है। लोकतंत्र कलंकित हुआ है। राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की गुंडागर्दी जैसा कोई दूसरा उदाहरण इससे बड़ा नहीं हो सकता। भारत के संसदीय इतिहास में ऐसा आचरण कभी नहीं देखा गया। लोकतंत्र में आचरण को समझने के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस के लोगों को प्रशिक्षित करने के लिए एक कार्यशाला बुलाई जानी चाहिए।
भाजयूमो जिला अध्यक्ष चन्दन ठाकुर ने कहा कि यह अभद्र भी था, अशोभनीय भी था और अस्वीकार्य भी है। लोकतंत्र में हमारे वैचारिक मतभेद हो सकते हैं लेकिन लोकतंत्र में शारीरिक रूप से इस तरह से चोट पहुंचाना अस्वीकार्य है। इसकी जितनी भर्त्सना की जाए उतनी कम है। विरोध प्रदर्शन में भाजपा के राजकिशोर गुप्ता, अभय कुमार घोष सोनू, योगेश पाण्डेय, मनीष दास, अभय बर्मन, आशीष कुमार, अमरदीप साह, सुमन भारती, सूरज जयसवाल, सिद्धार्थ सोलंकी, मंगलमूर्ति, चाहत शुक्ला, आशीष कुमार, पलटू कुमार समेत कई युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल रहे।
(Udaipur Kiran) / बिजय शंकर
