Uttar Pradesh

भाजपा कार्यकर्ता सदस्यता दिलायें व विपक्ष के झूठ को बेनकाब करें : भोला सिंह

राष्ट्रीय महामंत्री

प्रयागराज, 12 सितम्बर (Udaipur Kiran) । भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के लोग घर-घर जाकर अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाएं और उन्हें मोदी सरकार की उपलब्धियों के साथ सरकार द्वारा इस वर्ग के लिए किए गए कल्याणकारी कार्यों को भी बताएं। साथ ही विपक्ष के झूठ को बेनकाब करें।

यह बातें अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री व बुलंदशहर से भाजपा सांसद भोला सिंह ने गुरुवार को सदस्यता अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं से कही। भाजपा सांसद ने सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय में अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि सदस्यता अभियान को लेकर संगठन का शीर्ष नेतृत्व गम्भीर है। अभियान में जिसको किसी भी स्तर पर जिम्मेदारी दी गई है, वे ढिलाई न बरतें। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अनुसूचित जाति के लिए कई कल्याणकारी कार्य किए, योजनाएं बनाई, उन्हें धरातल पर उतारा भी लेकिन विपक्ष झूठ की चाल चलता रहा। जिसे बेनकाब करने की जिम्मेदारी भी इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं को करना है।

इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्त्रियों के साथ हुई बैठक में भाजपा सांसद ने कहा कि पीएम मोदी ने जो काम महिलाओं के लिए किया है, इससे पहले किसी सरकार ने उसके बारे में एक कदम तक नहीं उठाया। मोर्चा की महिला कार्यकर्ता प्रतिदिन 3-4 घंटे निकालकर एक दिन में 100 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखें। उन्होंने कहा कि उन्हें 10 जिलों में सदस्यता अभियान प्रवास की जिम्मेदारी संगठन द्वारा दी गई है। इसके तहत प्रयागराज में प्रवास के दौरान सदस्यता अभियान में यहां के कार्यकर्ताओं की मेहनत दिख रही है। इतने से ही संतुष्ट नहीं हो जाना है बल्कि और अधिक परिश्रम करके प्रयागराज महानगर को दिए गए लक्ष्य तक पहुंचाना भी है।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा ने कहा कि सदस्यता अभियान को लेकर शीर्ष नेतृत्व द्वारा जो अपेक्षाएं प्रयागराज महानगर से हैं, उसे पूरा करने में कार्यकर्ता कोई कोर कसर न छोड़ें। प्रतिदिन सभी 15 मंडलों के 1216 बूथों पर कैम्प लगाकर घर-घर जाकर सदस्य बनाएं। इस दौरान दिल्ली से आए नमो एप के अनित्य श्रीवास्तव, राजेश सोनकर, अर्चना शुक्ला, आभा सिंह, चंद्रा अहलूवालिया, आनंद दुबे, कुलदीप मिश्रा, दीप द्विवेदी, प्रशांत शुक्ला, राकेश भारती, मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा, दुर्गेश द्विवेदी, गौरव गुप्ता, अजय हेला आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top