-हरियाणा से जहरीला पानी दिल्ली भेजने के बयान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता हुए नाराज
गुरुग्राम, 28 जनवरी (Udaipur Kiran) । दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा हरियाणा से जहरीला पानी दिल्ली भेजने के बयान पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को यहां केजरीवाल का पुतला फूंका। मंगलवार को जिला महामंत्री रामबीर भाटी के नेतृत्व में अग्रवाल धर्मशाला चौक पर कार्यकर्ता इकट्ठे हुए और जमकर नारेबाजी की।
इस मौके पर भाजपा नेताओं ने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणावासियों को अपमानित किया है। ओबीसी समाज से आए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निराधार आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार यमुना को साफ नहीं कर पाई और अब आरोप हरियाणा पर लगा रही है। दिल्ली में गंदे नालों का पानी यमुना में डाला जा रहा है। जिला महामंत्री ने कहा कि हरियाणा की जनता और मुख्यमंत्री पर आरोप लगाने वाले केजरीवाल को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब चुनाव में केजरीवाल के पास कहने के लिए कुछ नहीं है। आम आदमी पार्टी के नेता भ्रष्टाचार के मामलों में जेल काट रहे हैं और खुद केजरीवाल भी बेल पर हैं।
रामबीर भाटी ने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार दिन रात लोगों की भलाई के लिए काम कर रही है। भाजपा की हरियाणा सरकार को जितने हरियाणा के लोग प्यार है उतना ही दिल्ली के लोगों से प्यार है। केजरीवाल आज तक झूठे वादे और थोथे नारों के सहारे ही सत्ता हासिल करते आ रहे हैं। इस बार उन्हें अपनी हार तय लग रही है, इसलिए इस तरह के घटिया बयान देने पर उतर आए हैं। इस मौके पर प्रदेश सह प्रभारी लाभार्थी योजना के महेश यादव, जिला उपाध्यक्ष अर्जुन शर्मा, पूर्व पार्षद सुभाष सिंगला, जिला सचिव निधि कोटिया, पी.सी. सैनी, अवनीश राघव, कार्यालय सचिव यादराम जोया, मीडिया प्रभारी और वजीराबाद मंडल अध्यक्ष पवन यादव, मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र चौहान, जितेंद्र वर्मा, आशीष गुप्ता, जयवीर यादव, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष बेघराज यादव, अतर सिंह संधू, मोर्चा अध्यक्ष मयंक निर्मल, सोनिया यादव, कृष्ण गुर्जर, प्रदीप गुर्जर और भाजपा के अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran)