Uttar Pradesh

गाँव चलो अभियान के तहत सरकार की उपलब्धियां गिनायेगी भाजपा

प्रेसवार्ता को संबोधित करते प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी

06 अप्रैल से 13 अप्रैल तक मनाया जायेगा पार्टी का स्थापना दिवस समारोह

लखनऊ,05 अप्रैल (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी 06 अप्रैल से 13 अप्रैल तक पार्टी का स्थापना दिवस समारोह मनायेगी। इस दौरान पार्टी विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। 06 व 07 अप्रैल को प्र​त्येक बूथ पर पार्टी कार्यकर्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पार्चन करेंगे। वहीं 08 अप्रैल को सभी विधानसभाओं में सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन होगा। इसके बाद 10 से 13 अप्रैल तक मण्डल से ऊपर तक के सभी कार्यकर्ता गांव चलो अभियान के तहत गांव—गांव जाकर सरकार व संगठन की उपलब्धियां गिनायेंगे। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने शु्क्रवार को प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में दी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 19 राज्यों में भाजपा व सहयोगी दलों की सरकार है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 10 लाख से अधिक सक्रिय सदस्य भाजपा के हैं। प्रदेश के एक लाख गांवों तक भाजपा की सीधी पहुंच है। हम दावे के साथ कह सकते हैं कि हमारा संगठन सर्वव्यापी है। भाजपा समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व करती है। 1989 में भाजपा के 56 विधायक थे। तब से लेकर आज तक पार्टी कार्यकर्ताओं को लेकर सजग है। प्रदेश में लगातार भाजपा का ग्राफ बढ़ा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष के नकारात्मक ​प्रचार के कारण लोकसभा में भाजपा की सीट कम हुई। इसके बावजूद 1962 के बाद पहली बार किसी व्यक्ति के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार केन्द्र में सरकार बनी। पिछले 08 वर्ष की बात करें तो 42 विधानसभाओं के उपचुनाव में 32 सीटों पर भाजपा को विजय हासिल हुई। विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा समाज को जाति भाषा व क्षेत्र के नाम पर लगातार बांटने का काम कर रही है। भूपेन्द्र चौधरी ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह के लिए एक कमेटी गठित की गयी है। प्रदेश महामंत्री संजय राय उसके संयोजक हैं। इसके अलावा अर्चना मिश्रा,शंकर गिरि व शिव भूषण सिंह उस कमेटी में सह संयोजक के रूप में काम देखेंगे।

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Most Popular

To Top