Uttar Pradesh

संगठन विस्तार के लिए जन —जन को जोड़ेगी भाजपा : जयवीर सिंह

प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की पीसी: फोटो बच्चा गुप्ता

वाराणसी,04 सितम्बर (Udaipur Kiran) । लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश सहित देश के कई हिस्सों में अपेक्षा के अनुरूप सीटें न जीतने पर भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी संगठन की मजबूती के साथ सदस्यता अभियान पर जोर दिया है। इसकी शुरूआत राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की। पार्टी ने सदस्यता अभियान को धार देने के लिए मंत्रियों और संगठन के पदाधिकारियों की फौज शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में उतार दिया है।

बुधवार को सर्किट हाउस में प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा वाराणसी के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने जिले में सदस्यता अभियान की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि संगठन महापर्व सदस्यता अभियान की शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने की। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मोबाइल से 8800002024 मिस्ड कॉल करवा कर पहला सदस्य बनाया एवं उन्हें सदस्यता कार्ड प्रदान किया। वहीं, तीन सितम्बर को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,उप मुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्या,ब्रजेश पाठक को पार्टी की सदस्यता दिलाई एवं सदस्यता कार्ड प्रदान किया।

मंत्री ने बताया कि

जिले में 11 से 17 सितम्बर तक सदस्यता को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिसमें सभी पार्टी पदाधिकारी व जन प्रतिनिधि सम्मिलित होगें। सभी बूथ स्तर पर सदस्यता करेंगे। 05 सितम्बर को शिक्षक दिवस पर शिक्षकों की सदस्यता और 17 सितम्बर को विश्वकर्मा जयन्ती पर सदस्यता के लिए विशेष अभियान चलाया जायेगा। सप्ताह में अंतिम रविवार को अटल पर्व के रूप में सदस्यता की जाएगी।

मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि आम जन में भारतीय जनता पार्टी के प्रति स्वतः स्फूर्त भाव से सम्मान है। वह भाजपा से जुड़ना चाहता है पर जब हम उस तक नहीं पहुंचते हैं तो उसे निराशा होती है। उन्होंने कहा कि पार्टी का एक एक कार्यकर्ता फिर चाहे वो राष्ट्रीय पदाधिकारी हो,चाहे बूथ का पदाधिकारी हो या फिर जनप्रतिनिधि हो,सभी घर घर जाएंगे और लोगों को पिछले 10 वर्षों में भाजपा सरकार के विकास कार्यों से अवगत कराएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने एवं भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पार्टी का प्राथमिक सदस्य बनाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति का आधार सदस्यता है। इस अभियान की योजना व्यापक और प्रभावी है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान को लेकर क्षेत्र, जिला, मंडल और बूथ स्तर पर टीम गठित की गयी है।

—पदाधिकारियों की सौंपी गई जिम्मेदारी

सदस्यता अभियान में पदाधिकारियों,जन प्रतिनिधियों को सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। इसमें सांसद को 20 हजार, विधायक को 10 हजार, महापौर को 20 हजार, नगर पालिका अध्यक्ष को 5 हजार, नगर पंचायत अध्यक्ष को 2 हजार, नगर निगम के पार्षद को एक हजार, नगर पालिका के पार्षद को 500 व नगर पंचायत के पार्षद को 200, निगम आयोग बोर्ड के अध्यक्ष को 1000, जिला पंचायत अध्यक्ष को 15 हजार, युवा मोर्चा को 15 लाख, महिला मोर्चा, पिछडा मोर्चा, अनूसूचित जाति मोर्चा को 10-10 लाख, अल्पसंख्यक मोर्चा व अनुसूचित जनजाति मोर्चा को 2-2 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, एमएलसी धर्मेन्द्र सिंह, काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी आदि भी मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top