HEADLINES

कर्नाटक में एससी-एसटी कल्याण फंड के गलत इस्तेमाल को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर निशाना, कहा- यह जनता के साथ धोखा

Arjunram meghwal

नई दिल्ली, 12 जुलाई (Udaipur Kiran) । कर्नाटक में अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण फंड के गलत इस्तेमाल को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।भाजपा ने आरोप लगाया कि कर्नाटक में सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति उप- योजना की धनराशि का इस्तेमाल पांच गारंटियों के लिए कर रही है। यह दलित समुदाय के लोगों के साथ धोखा है। यह राशि उनके कल्याण के लिए खर्च की जानी थी।शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस और उनके नेता राहुल गांधी जहां संविधान की प्रतियां लेकर घूमते रहते हैं, वहीं उनके लोग संविधान के प्रावधानों का उल्लंघन कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि संविधान में अनुसूचित जाति और जनजाति के कल्याण के लिए फंड निर्धारित किया गया है लेकिन उस फंड का इस्तेमाल राज्य के विधानसभा चुनावों के दौरान घोषित राहुल गांधी की पांच गारंटियों को पूरा करने के लिए किया जा रहा है। यह संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन है। भाजपा इसकी निंदा करती है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करती है।

मेघवाल ने कहा कि हम राहुल गांधी से पूछना चाहते हैं कि एक तरफ तो वह संविधान के साथ खड़े हैं लेकिन वह यह नहीं बता पाए कि इसमें कितने अध्याय और पेज हैं। संविधान की दुहाई दे कर वे कर्नाटक में सत्ता में आए। अब खुद ही संविधान के प्रावधानों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि एससी-एसटी कल्याण फंड की 14730.53 करोड़ रुपये की राशि का इस्तेमाल पांच गारंटियों को पूरा करने में लगाया जा रहा है। राहुल गांधी का दोहरा चरित्र जनता देख रही है। इस मामले में अनुसूचित जाति आयोग ने राज्य सरकार को नोटिस दिया है। उन्होंने कहा कि जिनके कल्याण के ऊपर फंड खर्च होना चाहिए था, उनसे उनका अधिकार छीन कर कहीं और पैसा खर्च किया जा रहा है। अनुसूचित जाति के लोग परेशान हो रहे हैं। यह उनके साथ धोखा है।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी / दधिबल यादव

Most Popular

To Top