HEADLINES

2027 में विजय के संकल्प के साथ भाजपा प्रदेश कार्यसमिति संपन्न

कमल ज्योति का लोकार्पण करते हुए

2024 की हार का बदला 2027 के चुनाव में लेंगे : केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ, 14 जुलाई (Udaipur Kiran) । लखनऊ के डॉ राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के ​डा. आम्बेडकर सभागार में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 2027 में विजय के संकल्प के साथ संपन्न हुई। प्रदेश कार्यसमिति में आगामी 10 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव के साथ-साथ 2027 के विधानसभा चुनाव की चिंता साफ-साफ भाजपा नेताओं के भाषणों में झलक रही थी। यह चिंता होना लाजमी भी है क्योंकि 2014 के बाद यह पहला चुनाव है जब भाजपा को उत्तर प्रदेश में मात खानी पड़ी है। यही कारण रहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने अपने भाषण में कार्यकर्ताओं से अभी से तैयारी में जुटने का आहवान किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सांसद से लेकर पार्षद तक सभी को अभी से 2027 के लिए जुटना होगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा सांसद के साथ ही विधायकगण, एमएलसी, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, ब्लॉक प्रमुख, चेयरमैन और पार्षद सभी लोग आज से ही 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। 2027 में फिर से प्रदेश में भाजपा का परचम फहरेगा।

2024 की हार का बदला 2027 के चुनाव में लेंगे : केशव प्रसाद मौर्य

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि मैं कार्यकर्ता पहले हूँ, उप मुख्यमंत्री बाद में। कार्यकर्ताओं के लिए हमारा दरवाजा हमेशा खुला है। केशव प्रसाद ने कार्यकर्ताओं से कहा कि निराश के गर्त से बाहर निकलो। हम 2024 की हार का बदला 2027 के विधानसभा चुनाव में लेंगे। उन्होंने कहा कि अब तक जो लक्ष्य लेते थे वह हम पार करते थे। वर्ष 2024 में परिणाम हमारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे। इसके लिए हमें चिंतन मंथन करना होगा। लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष की बोलेने की हैसियत नहीं थी। आज लगता है जैसे उन्होंने देश जीत लिया हो। उन्होंने कहा कि कार्यसमिति की बैठक में यह तय करके जाना है कि 2027 में सपा बसपा और कांग्रेस एकजुट हो जायें तो भी हमें अपने सामर्थ्य के बल पर 300 पार के लक्ष्य को पार पाना है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा फरेबी विपक्ष के कारनामों के बारे में हमें घर- घर जाकर जानकारी देनी होगी। उन्होंने कहा कि 2027 में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनाने के लिए जीतोड़ मेहनत करनी पड़ेगी।

उपचुनाव में प्रदेश की सभी 10 सीटें जीतेगी भाजपा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव में हम प्रदेश की सभी 10 सीटों पर विजय प्राप्त करेंगे।

संगठन महामंत्री धर्मपाल ने कहा कि कार्यकर्ता ही विचारधारा का मूल आधार है। इसलिए सतत और निरंतर संपर्क, संवाद होता रहे। उनकी बात सुनें और समस्याओं का निदान करायें। सप्ताह में एक बार ज़िलाध्यक्ष अनौपचारिक रूप से मंडल अध्यक्षों से जरूर मिलें। इसी तरह मण्डल अध्यक्ष भी शक्तिकेंद्रों के पदाधिकारियों से संपर्क करें।

कमल ज्योति के संगठनात्मक विशेषांक का हुआ विमोचन, जेपी नड्डा ने किया पौधरोपण

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व वन मंत्री डा. अरूण सक्सेना ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया तथा बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में ‘कमल ज्योति‘ के संगठनात्मक विशेषांक का विमोचन भी किया।

प्रदेश कार्यसमिति में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह व विनोद तावड़े, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी, रेखा वर्मा, राष्ट्रीय मंत्री सुरेंद्र नागर, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, एसपी सिंह बघेल, जितिन प्रसाद, पंकज चौधरी, कमलेश पासवान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामपति राम त्रिपाठी, सूर्य प्रताप शाही, डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल व गौरव भाटिया उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन यादव / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top