


जयपुर, 20 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी वृहद जिला कार्यसमिति बैठक चितौड़गढ़ सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी के मुख्य आतिथ्य, भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश पाटीदार की अध्यक्षता में शनिवार को विजयाराजे सिंधिया ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुई।
प्रदेश अध्यक्ष जोशी ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत आदिवासी पार्टी के लोग इस क्षेत्र को किस दिशा में लेकर जा रहे है। आज ये जाति की बात करते है, ज़ब जनजाति वर्ग की बहन राष्ट्रपति बन रही थी तो उसे वोट नहीं दिया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में जो विकास किया है वह भाजपा ने किया है। ये सिर्फ लोगों को भड़काने का काम करते है। हम किसी धर्म, जाति, समाज की बात नहीं करते, हम सब को साथ लेकर विकास की बात करते है। ये वही लोग है जो कश्मीर में धारा 370 हटाने का, देश के विकास और राम मंदिर का विरोध करते थे।
उन्होंने कहा कि देश में मजबूत प्रधानमंत्री है जिससे ये घबरा गये है। भारत आज विश्व में पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनी है और आने वाले वर्षो में विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। भारत का आज विश्व में डंका बज रहा है। कांग्रेस और बाकी पार्टीयों को देश के विकास से तकलीफ है इसलिए देश में जो पार्टियां एक दूसरे के साथ नहीं बैठती थी, आज मोदी के डर से एक साथ आ गये है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा की जयंती आज पूरा देश मना रहा है। मानगढ़ धाम का विकास भाजपा ने किया है। जो लोग 99 सीट लाकर ख़ुश हो रहे है उनको पता नहीं 100 में से 99 नहीं 545 में से 99 सीटें है। जोशी ने राहुल गांधी कि तरफ इशारा करते हुए कहा कि उनकी कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्त्ता को पता नहीं होता कि कौन उम्मीदवार है, उनके लिए सिर्फ कमल का फूल ही उम्मीदवार होता है। हमें सरपंच से लेकर प्रमुख, विधायक, सांसद तक भाजपा का बनाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रधानमंत्री नेहरु ने अपने स्वार्थ के लिए संविधान बदला था तथा यह वही कांग्रेस पार्टी है जिन्होंने बाबा साहब को संसद में नहीं जाने दिया। गांधी नेहरू परिवार को भारत रत्न मील जाता था लेकिन बाबा साहेब को भारत रत्न भाजपा की सरकार ने दिया। राजस्थान की भजनलाल सरकार के बजट के समय भाजपा के अलावा कांग्रेस व अन्य विधायक भी मेज थपथपा रहे थे और कह रहे थे कि ये राजस्थान का ऐतिहासिक बजट था।
बैठक को सम्बोधित करते हुए राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने कहा कि आदिवासी भाई जल्दी ही समझ जायेगा कि ये लोग समाज को भड़का रहे है। जाति के आधार पर कभी कोई पार्टी नहीं होती है, ये भी बहुत जल्द ही खत्म होगी, ये सिर्फ नवयुवक को बरगलाने का काम करते है और आने वाले दिनों में यह निश्चित तौर पर बाहर होंगे।
जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने बजट के लिए मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसी तो पार्टियां आएंगी और जाएंगी, बाप पार्टी की चर्चा नहीं करनी है, ये लोगों को भड़काने का काम कर रहे है। आदिवासी हमेशा से हिन्दू था, हिन्दू है और हिन्दू ही रहेगा। जो आदिवासी संस्कृति के खिला फ है उसके लिए हम सबको जागना होगा तथा इसका विरोध करना होगा। ये कुछ समय के लिए है, इनके पीछे दूसरी ताकतें है। कार्यक्रम में एक पौधा मां के नाम कार्यक्रम के तहत वृक्षारोपण किया गया है। कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी, सांसद मन्नालाल रावत, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, पूर्व सांसद कनकमल कटारा, महेन्दजीतसिंह मालवीया, मानशंकर निनामा, प्रदेश उपाध्यक्ष नारायणसिंह जोधा, प्रदेश मंत्री मिथलेश गौतम, अनीता कटारा, विधायक शंकरलाल डेचा, कैलाश मीणा, श्रीचंद कृपलानी, पूर्व मंत्री सुशील कटारा, जिला प्रमुख सूर्या अहारी, जिला संगठन प्रभारी कमलेश पुरोहित, वरिष्ठ नेता दिनेश भट्ट, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रभु पंड्या, गजेन्द्रसिंह चौहान, गुरुप्रसाद पटेल, वेलजी पटेल, महेश शर्मा, सभापति अमृतलाल कलासुआ, विधानसभा प्रत्याशी बंशीलाल कटारा, जनजाति मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष कांतिलाल डामोर, महिला मोर्चा उपाध्यक्ष पिंकी मंदावत, उपसभापति सुदर्शन जैन मंचासीन थे।
(Udaipur Kiran) / संतोष व्यास / संदीप
