
नई दिल्ली, 23 मार्च (Udaipur Kiran) । दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अध्यक्ष के रूप में दो साल पूरे होने पर रविवार को शीर्ष नेतृत्व और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और संतोष व्यक्त किया कि उनके कार्यकाल में पार्टी का प्रदेश में चुनावों के दौरान प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा।
दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर आज सचदेवा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इसमें वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पार्टी की ओर से हम सभी कार्यकर्ताओं को कोई न कोई दायित्व मिलता है। आज से ठीक दो साल पहले शहीदी दिवस के दिन ही प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व उन्हें मिला था। उन्हें संतोष है कि दो साल के कार्यकाल के दौरान पार्टी ने प्रदेश में चुनावों में बेहतर प्रदर्शन किया। यह सब कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उनकी मेहनत से पहले लोकसभा चुनाव में भाजपा को दिल्ली की सातों सीट पर जीत मिली और बाद में राज्य में सरकार बनाने में सफलता मिली।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के बताए हुए निर्देशों पर अमल कर भाजपा ने दिल्ली में एक ऐसी सरकार को उखाड़ने में कामयाबी हासिल की जिसने दिल्ली में लूट और भ्रष्टाचार करने का कोई मौका नहीं छोड़ा था। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार तेजी से काम कर रही है। अब सभी कार्यकर्ताओं का यह दायित्व है कि इसमें सहभागी बने और विकास को आगे बढ़ाए।
सचदेवा ने कहा कि नई सरकार की प्राथमिकता दिल्ली की जनता से किए वादे और उनकी अपेक्षाओं को पूरा करना है।
—————
(Udaipur Kiran) / Dhirender Yadav
