
नई दिल्ली, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आज महिला सुरक्षा को लेकर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अपनी ही महिला सांसद की सुरक्षा नहीं करने वाले केजरीवाल दिल्ली की सुरक्षा की बात कर रहे हैं।
दिल्ली की कानून व्यवस्था के बारे में अऱविंद केजरीवाल द्वारा शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लिखे पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल खुद जमानत पर बाहर आए हैं।
उन्होंने कहा कि वह केजरीवाल से पूछना चाहते हैं कि जब एक महिला सांसद को उनके ही आवास में पीटा जा रहा था, तब वह कहां थे? उनके विधायक को महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) के तहत गिरफ्तार किया गया था, उन्होंने उन्हें क्यों नहीं हटाया। विभव को अपने साथ लेकर के घूमते हैं, जबकि वह एक आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, उसे पंजाब में पुरस्कार दिया जा रहा है।
सचदेवा ने तंज कसते हुए कहा कि आआपा के बहुत से विधायकों पर आपराधिक मुकदमे चल रहे हैं फिर भी वह आआपा में हैं, उन लोगो को क्यों नही निकाला गया। केजरीवाल अपराधियों को पनाह देते हैं और आज वह कानून और व्यवस्था के बारे में बात कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में सबसे बड़े मुद्दे भ्रष्टाचार, शीशमहल, खराब सड़कें, दूषित पानी, सीवर ओवरफ्लो, बिजली की बढ़ी कीमतें हैं। केजरीवाल दिल्ली की जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं। गुजरात में आआपा मंत्री ईडी का महासचिव बन कर वसूली कर रहा था, जो पकड़ा गया।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि प्रदेश में सबसे बड़ा कारण आआपा में आपराधिक प्रवृत्ति के विधायकों का होना है, जिसके कारण दिल्ली में अपराध बढ़ रहा है। इसलिए हम मांग करते हैं कि दिल्ली में महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए कानून बनाया जाए।
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
