
नई दिल्ली, 15 जनवरी (Udaipur Kiran) । कांग्रेस ने भाजपा के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली पर दुष्कर्म के आरोप में एफआईआर दर्ज होने के बाद उनको पद से हटाने की मांग की है।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन में इस तरह के आरोपों पर भाजपा का आड़े हाथों लिया। उन्होंने आज मीडिया की सुर्खी का जिक्र करते हुए मोहनलाल बड़ौली पर दुष्कर्म के आरोपों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी ब्रजभूषण शरण सिंह समेत भाजपा के कई नेताओं पर यौन शोषण के आरोप लगे। भाजपा-नीत राजग की कर्नाटक में सहयोगी पार्टी के नेता प्रज्वल रेवन्ना पर मास रेपिस्ट के आरोप लगे और उन्हें चुनाव में टिकट दिया गया। अलका लांबा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और भाजपा ने बचाने का प्रयास किया लेकिन कर्नाटक सरकार ने एक्शन लिया और वह सलाखों के पीछे हैं।
अलका लांबा ने कहा कि बड़ौली ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर यौन शोषण किया और उसका वीडियो बनाया। बदनाम करने की कोशिश की। हिप्र में यौन शोषण का मुकदमा दर्ज हुआ। इसकी पुष्टि वहां के मुख्यमंत्री ने आज एक मुलाकात के दौरान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिप्र की मौजूदा सरकार इस मामले में बड़ौली को प्रज्ज्वल रेवन्ना की तरह जेल भिजवाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) / दधिबल यादव
