




नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को झारखंड विधानसभा चुनावों से जुड़े अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पार्टी राज्य में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही है। उसके खाते में 81 में से 68 सीटें हैं। आज पार्टी ने इनमें से 66 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबू लाल मरांडी धनवार से चुनाव लड़ेंगे। सरायकेला से पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, कांग्रेस से भाजपा में आईं मंजू देवी को जमुआ और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा को जगन्नाथपुर और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की बड़ी पुत्र वधू सीता सोरेन को जामताड़ा से टिकट दिया है। बोरियो से लोबिन हेम्ब्रोम, चाईबासा से गीता बालमुचू और कोडरमा से नीरा यादव को टिकट दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि झारखंड की 43 विधानसभा सीटों के लिए 13 नवंबर और 38 विधानसभा सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा। पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है और दूसरे चरण की प्रक्रिया 22 अक्टूबर से शुरू होगी।
—————
(Udaipur Kiran) / अनूप शर्मा
