
ऊना, 8 अप्रैल (Udaipur Kiran) । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज जिला ऊना में भाजपा मण्डल हरोली के सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इसके बाद उन्होंने ऊना विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय सदस्य सम्मेलन को भी संबोधित किया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती सहित भाजपा के सैकड़ों सक्रिय सदस्य मौजूद रहे।
अपने संबोधन में डॉ. बिंदल ने भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं को आभार व्यक्त करते हुए पार्टी की योजनाओं और सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने 1987-88 में हुए पालमपुर अधिवेशन का उल्लेख करते हुए कहा, उस अधिवेशन में एक प्रस्ताव पारित किया गया था, जिसमें हम राम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण के रास्ते को प्रशस्त करने का संकल्प लिया था। आज, लाखों श्रद्धालु राम लला की भव्य मूर्ति को निहार रहे हैं। यह भाजपा की संकल्प और समर्पण का प्रतीक है।
उन्होंने भाजपा के राष्ट्रवादी दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए कहा कि भाजपा ने कभी भी पार्टी हित में नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ राष्ट्रहित में काम किया है। डॉ. बिंदल ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सरकार की मुस्लिम तुष्टीकरण नीति की आलोचना करते हुए कहा, सुप्रीम कोर्ट ने मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक की कुरीति से मुक्त करने की बात की, लेकिन किसी भी सरकार ने इसे समाप्त करने की हिम्मत नहीं जुटाई। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने लाखों मुस्लिम बहनों को तीन तलाक की कुप्रथा से मुक्ति दिलाई।
उन्होंने भारत-पाकिस्तान के ऐतिहासिक संबंधों पर भी चर्चा की और बताया कि भारत में मुस्लिमों के अधिकारों की रक्षा के लिए नेहरू और लियाकत अली खान के बीच समझौता हुआ था। लेकिन पाकिस्तान में हिंदुओं की जनसंख्या घटकर केवल 1.8 प्रतिशत रह गई है। इन प्रताड़ित लोगों को भाजपा सरकार ने नागरिकता प्रदान की।
डॉ. बिंदल ने भाजपा सरकार की वक्फ बोर्ड नीति का भी जिक्र किया और कहा, जहां मुस्लिम देशों में सरकारें ही वक्फ बोर्ड का संचालन करती हैं, वहीं भाजपा सरकार इसे सिर्फ नियमों के दायरे में लाकर मुस्लिम समुदाय की शिक्षा और उत्थान के लिए कार्य करेगी।
इसके अलावा डॉ. बिंदल ने भाजपा के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने देश को अधिनायकवाद से बाहर निकाला है।
—————
(Udaipur Kiran) / विकास कौंडल
