Chhattisgarh

बस्तर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने किया मतदाता आभार अभिनन्दन समारोह का आयोजन

bjp

जगदलपुर, 17 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को बस्तर विधानसभा क्षेत्र के करपावण्ड में मतदाता आभार एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया। जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, वन मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप शामिल हुये और बस्तर विधानसभा क्षेत्र की जनता व समस्त मतदाताओं का लोकसभा चुनाव में भाजपा पर विश्वास व्यक्त कर विजयी बनाने के लिये आभार माना।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने समारोह को संबोधित करते हुये कहा कि जनता का विश्वास सदैव भाजपा के साथ है। जनता के आशीर्वाद से ही छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार स्थापित हुई है और केन्द्र में निरंतर तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं। जनता की सेवा व देश का विकास भाजपा का संकल्प है। बस्तर को बेहतर बनाने और छत्तीसगढ़ को विकास की बुलंदियों में ले जाने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार दिन रात काम कर रही है।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश से कांग्रेस के कुशासन को उखाड़ फेंकने का बड़ा काम जनता ने किया है। विगत सात महीने में छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार ने जनता से किये वायदों व मोदी की गारंटी को पूरा करने का काम किया। बस्तर सहित छत्तीसगढ़ के समग्र विकास का लक्ष्य लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं व प्रदेश की भाजपा सरकार की योजनाओं का पूर्ण लाभ जन-जन को मिले, इस दिशा में ठोस कार्य हो रहे हैं।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दस वर्षों के कार्य व योजनाओं पर विश्वास की मुहर लगाकर भाजपा को विजयी बनाया। क्षेत्र की जनता, मतदाताओं व भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार है। बस्तर के निरंतर विकास व आम बस्तरिया की छोटी से छोटी समस्या का समाधान शीघ्रता से हो, इस दिशा में संकल्प के साथ कार्य होंगे। डबल इंजन की सरकार बस्तर को विकास के हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिये काम कर रही है।

समारोह को पूर्व सांसद दिनेश कश्यप,भाजपा जिला अध्यक्ष रुप सिंह मण्डावी, बस्तर लोकसभा संयोजक श्रीनिवास राव मद्दी, पूर्व विधायक डा. सुभाऊ कश्यप ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री वेदप्रकाश पाण्डेय ने किया। भाजपा के मतदाता अभिनंदन समारोह में प्रमुख रूप से जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप,मण्डल अध्यक्ष परिस बेसरा, धनुर्जय कश्यप, उदबो राम नाग, नारायण बिसाई, व्ही आर राजपूत, जीतेन्द्र पाणिग्रही, पुरूषोत्तम जोशी आदि सहित मतदाता कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / राकेश पांडे / चन्द्र नारायण शुक्ल

Most Popular

To Top