


धमतरी, 30 जनवरी (Udaipur Kiran) । जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 12 में भाजपा पार्टी ने 29 जनवरी को अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया। सूची इंटरनेट मीडिया में प्रसारित होते ही उम्मीदवार चयन से नाराज भाजपा व भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आज गुरुवार को भाजपा कार्यालय नगरी पहुंचकर यहां प्रदर्शन करते हुए तोड़फोड़ कर दिया। वहीं यहां रखे सामाग्रियों को आग के हवाले करके प्रदर्शन किया और उम्मीदवार को शीघ्र बदलने की मांग की है। मांगे पूरी नहीं होने पर सामूहिक इस्तीफा देने की चेतावनी पार्टी पदाधिकारियों को दिए है। घटना के बाद भाजपा कार्यालय नगरी में पुलिस पहुंची और आगे की जांच कार्रवाई में जुट गई है।
नगरी ब्लाक अंतर्गत आने वाले जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 12 में 29 जनवरी को भाजपा पार्टी ने इस पद के लिए अरूण कुमार सार्वा को अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी की यह सूची जैसे इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हुई, तो रात से ही क्षेत्र के भाजयुमो कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों में आक्रोश फैल गया। 30 जनवरी को बड़ी संख्या में भाजपा व भाजयुमो कार्यकर्ताओं की भीड़ बैनर लेकर भाजपा कार्यालय नगरी पहुंचे। यहां बैनर में लिखा गया है कि यहां टिकट बिकता है कहकर प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यालय नगरी में खुद के पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए यहां रखे कुर्सी, टेबल समेत कई सामाग्रियों को तोड़कर जमकर उत्पात मचाया। साथ ही यहां रखे कई प्रकार के सामाग्रियों को तोड़फोड़ करके आग के हवाले कर दिया, इससे पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंची, तो पुलिस घटना स्थल भाजपा कार्यालय नगरी पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
नगरी क्षेत्र के भाजपा व भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जिला पंचायत सदस्य क्रमांक 12 के लिए पार्टी द्वारा घोषित अधिकृत उम्मीदवार अरूण कुमार सार्वा का नाम हटाने की मांग की है। जल्द ही सूची से उनका नाम नहीं हटाया गया, तो उग्र आंदोलन करके सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा देने की चेतावनी पार्टी पदाधिकारियों ने दी है। भाजपा कार्यालय नगरी में तोड़फोड़ व आगजनी की घटना के संबंध में एएसपी शैलेन्द्र पांडेय ने बताया कि उन्हें भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस से फोन पर सूचना मिली कि कुछ भाजपाई टिकट वितरण को लेकर कार्यालय में तोड़फोड़ कर आग लगा रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके में जाकर कार्यकर्ताओं को सलाह दी है। इस संबंध में भाजपा के जिला महामंत्री अविनाश दुबे ने कहा कि इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वह पारिवारिक कार्य से बाहर है। आने के बाद ही जानकारी दे पाएंगे।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
