
धमतरी, 15 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । धमतरी जिले के पांच नगर पंचायत में से चार व नगर निगम धमतरी में भाजपा ने जीत दर्ज की। नगर पंचायत मगरलोड को छोड़कर नगर निगम धमतरी, कुरूद, नगरी, आमदी, भखारा नगर पंचायतों पर भाजपा ने एकतरफा जीत दर्ज की है।
15 फरवरी को सुबह नौ बजे मतगणना केंद्र बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव पीजी कालेज समेत अन्य गणना केंद्रों में वोटिंग मशीन खोली गई और शुरूआती रूझान में ही भाजपा को एकतरफा बढ़त शुरू हो गई और दोपहर तक यह सिलसिला चलता रहा। नगर निगम धमतरी में भाजपा के महापौर प्रत्याशी रामू रोहरा ने शुरू से ही भारी बढ़त बनाए रखी। उन्होंने 34085 मतों से एकतरफा जीत दर्ज की है। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी विजय गोलछा के नामांकन रद्द होने के बाद से कांग्रेस का काेई भी प्रत्याशी मैदान में नहीं था। यहां महापौर के अन्य प्रत्याशियों में बसपा के आशीष रात्रे को 4580 वोट मिले हैं। जबकि भाजपा के महापौर विजयी प्रत्याशी रामू रोहरा को 38665 वोट मिले हैं। इसी तरह महापौर पद के प्रत्याशी महेश कुमार रावटे को 877 वोट, महेश साहू को 583 वोट, अवैश हाशमी को 3630 वोट, फिरोज खान को 304 वोट, गगन कुंभकार को 797 वोट और तिलकराज सोनकर को 423 वोट मिले हैं। जबकि नोटा में 1789 वोट डाला गया है, जो चौथे नंबर पर है। नगर निगम धमतरी के कुल 40 वार्डाें में से 27 में भाजपा और आठ में कांग्रेस तथा पांच अन्य निर्दलीय उम्मीद्वारों ने जीत दर्ज की है।
चार नगर पंचायतों के अध्यक्ष भाजपा के बने: नगर पंचायत कुरूद में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी ज्योति भानू चंद्राकर ने जीत दर्ज की है। इसी तरह नगर पंचायत आमदी में भी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए ज्योति मूरलीधर साहू और नगर पंचायत भखारा में नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए ज्योति हरख जैन ने जीत दर्ज की है। इसी तरह नगर पंचायत नगरी में भी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के प्रत्याशी बलजीत सिंह छाबड़ा ने जीत दर्ज की है। जबकि नगर पंचायत मगरलोड में ही नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी लिलेश सुरेश साहू ने जीत दर्ज कर कांग्रेस की साख बचाई है।
नगर निगम धमतरी के विजयी महापौर प्रत्याशी रामू रोहरा ने जीत के बाद चर्चा करते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता शहर विकास हैै। शहरवासियों ने उन पर विकास के लिए भरोसा जताकर उन्हें जीत दर्ज कराई हैै। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार में धमतरी शहर में भी अब साय-साय काम और विकास होंगे। शहर में विकास और निर्माण कार्य कराने के लिए वह पूरी ताकत झोंक देंगे और बजट की कहीं भी कमी होने नहीं देंगे। भाजपा के महापौर प्रत्याशी रामू रोहरा समेत भाजपा पार्षदों ने जीत के बाद भीड़ में वाहनों को फूलों से सजाकर विजय जुलूस निकाला। इस दौरान जमकर नारेबाजी व आतिशबाजी की गई। महापौर के विजयी प्रत्याशी रामू रोहरा ने शहर के मतदाताओं का आभार मानते हुए चल रहे थे।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
