लखनऊ, 13 मार्च (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने प्रदेशवासियों को होलिकोत्सव की अनंत शुभकामनाएं दी हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने होलिकोत्सव पर्व पर शुभकामना संदेश में कहा कि होली का उत्सव हमें सत्य और धर्म के मार्ग पर चलते हुए विश्वबन्धुत्व का संदेश देता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि होलिकोत्सव असत्य, अधर्म, अन्याय, अत्याचार व आसुरी शक्तियों के दहन और शाश्वत सत्य के अमरत्व संदेश के साथ सप्तरंगी उल्लास का महापर्व है। होलिका दहन के साथ अधर्म, असत्य, अनीति, वैमनस्यता के प्रत्येक भाव का दहन हो और जन-जन का मन उल्लास और उमंग से सराबाेर हो। सभी अपने राष्ट्रीय व सामाजिक दायित्वों के साथ विकसित भारत के संकल्प की पूर्णता में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। सभी लोग होली पर्व को उल्लास के साथ मनाते हुए सौहार्द के संदेश का संचार करें।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय, सुभाष यदुवंश, राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर, प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी, हरीश श्रीवास्तव, आनंद दुबे, मनीष शुक्ला, आलोक वर्मा व राकेश त्रिपाठी ने प्रदेशवासियों को होली की बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
———————
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
