
कानपुर, 18 मई (Udaipur Kiran) । ऑपरेशन सिंदूर को लेकर चर्चा में आई विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर सपा सांसद रामगोपाल यादव ने जातीय टिप्पणी की थी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के खिलाफ भी सपा सोशल मीडिया के जरिए अभद्र टिप्पणी की गई। जिसके विरोध में रविवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष शिवांग मिश्रा की अगुवाई में सपा नेता रामगोपाल यादव का पुतला दहन किया गया।
परेड स्थित भाजपा उत्तर कार्यालय के बाहर किए गए इस कार्यक्रम में पार्टी के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने रामगोपाल यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके पुतले को दहन करने से पहले जूते और डंडों से पीटते हुए अपना विरोध जाहिर किया। इसके बाद उसे आग के हवाले कर दिया।
भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा जिस प्रकार समाजवादी पार्टी और उसके नेता रामगोपाल यादव ने अशोभनीय बयान दिया है। यह देश की सैन्य शक्ति, महिलाओं की गरिमा व ब्राह्मण समाज की प्रतिष्ठा पर सीधा प्रहार है। यह बयान स्पष्ट करता है कि सपा का डीएनए नफरत, झूठ, जातिवाद व महिलाओं के प्रति हीनभावना से भरा है। हम समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से मांग करते है कि वह भारतीय सेना, दलित समाज, महिलाओं व ब्राह्मण समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे वरना भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता उनको उनकी ही भाषा में समझाएगा।
पुतला दहन में पूनम कपूर, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, अभिनव दीक्षित, सीमा, राम लखन रावत, विनय पटेल, आकाश शुक्ला आनंद मिश्रा, गौरव पांडेय, प्रमोद विश्वकर्मा आशा पाल, सुनील जायसवाल, कौशलेंद्र सिंह परिहार, अंकित मिश्रा, प्रशांत त्रिपाठी, विधि राजपाल, मनु गोयल, राधा सैनी, विप्लव शर्मा राजा, अक्षय त्रिवेदी, मनोज त्रिपाठी, अभिराज सिंह चंदेल आदि लोग उपस्थित थे।
(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप
