Haryana

हिसार: विधानसभा चुनाव में स्पष्ट हार देखकर बौखला गए भाजपा नेता : लाल बहादुर खोवाल

हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल

हिसार, 3 सितंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा है कि पिछले चुनावों की तरह इस बार भी भारतीय जनता पार्टी ने कई प्रपंच रचे हैं लेकिन उसका हर प्रपंच नाकाम होगा। उन्होंने कहा कि जैसे पिछले दो विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बड़े-बड़े व लोकलुभावन वादे करके वोट बटोरे थे, उसी तरह इस बार भी जनहित के बहुत से वादे किए गए हैं।

लाल बहादुर खोवाल ने मंगलवार को कहा कि जनविरोधी नीतियों के चलते गरीब, मजदूर, किसान, शोषित व पिछड़ा वर्ग सहित हर वर्ग को जिस तरह से भाजपा के शासनकाल में प्रताडऩा सहनी पड़ी है उसे जनता भूल नहीं सकती। इसलिए भाजपा किसी भी प्रपंच में कामयाब होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि इसी तरह भाजपा ने दबाव बनाकर चुनाव की तिथि में परिवर्तन करवा लिया है लेकिन इससे भाजपा को कोई फायदा नहीं होने वाला है। इस प्रक्रिया से भाजपा की घबराहट जनता के सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि दरअसल भाजपा के नेता हरियाणा विधानसभा में स्पष्ट हार देखकर बौखला गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का वर्चस्व हरियाणा में बढ़ता जा रहा है और विधानसभा चुनाव में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस पार्टी स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले दस साल में जनता को मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करवा पाई है। बढ़ती बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, महंगाई व लचर कानून व्यवस्था के कारण आम आदमी का जीना दूभर हो गया है।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर

Most Popular

To Top