Jharkhand

भाजपा नेता अनिल टाइगर की हत्या कर भाग रहे अपराधी को मुठभेड़ में लगी गोली, गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपित की तस्वीर

रांची, 26 मार्च (Udaipur Kiran) । कांके थाना क्षेत्र में कांके चौक के पास पूर्व जिला परिषद सदस्य सह भाजपा नेता अनिल टाइगर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना को अंजाम देने के बाद भाग रहे अपराधी की रांची पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। इसमें रोहित वर्मा नाम का अपराधी घायल हो गया। इस घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि अनिल टाइगर को गोली मारने के बाद रोहित वर्मा अपने एक अन्य साथी के साथ भाग रहा था।

इसके बाद पिठौरिया के पास ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया, हालांकि इसके बावजूद भी वह ग्रामीण के चंगुल से भगाने में सफल रहा। तब तक रांची पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और अपराधी का पीछा करना शुरू किया। इसके बाद अपराधी ने पुलिस की टीम पर फायरिंग की। इस दौरान रांची पुलिस की ओर से भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में रोहित वर्मा नाम के अपराधी को गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया वहीं दूसरा अपराधी भागने में सफल रहा।

वहीं दूसरी ओर हत्या के खिलाफ राजधानी रांची में अलग-अलग जगह पर आक्रोश देखने को मिला। हत्या के विरोध में रांची के कांके और बूटी मोड़ में स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। पुलिस के काफी मशक्कत और समझाने के बाद जाम समाप्त हुआ।

ग्रामीण एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि घटना में शामिल एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ की जा रही है

अपराधियों ने अनिल टाइगर की हत्या की घटना को अंजाम प्रतिशोध में दिया है।

उल्लेखनीय है कि बीते 14 जनवरी को लोहरदगा जिले के कुड़ू बस स्टैंड में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी हुई थी। इस फायरिंग में एक कुख्यात अपराधी की मौके पर मौत हो गई थी। मारे गए अपराधी की पहचान सुभाष जायसवाल उर्फ छोटू के रूप में हुई थी। इसका नाम रांची के पंडरा में 13 लाख रुपए की लूट और फायरिंग मामले में आया था। रोहित वर्मा सुभाष जायसवाल का काफी करीबी था। उसे शक था,कि अनिल टाइगर के कहने पर ही सुभाष जायसवाल की हत्या की गई है। इसके बाद वह एक सुनियोजित साजिश के तहत अनिल टाइगर की गोली मारकर हत्या कर दी।

वहीं दूसरी और घटना के विरोध में भाजपा और आजसू ने 27 मार्च को रांची बंद बुलाया है।

—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Most Popular

To Top