Jammu & Kashmir

भाजपा जम्मू-कश्मीर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 साल पूरे होने पर समीक्षा बैठक कर तैयार की रोडमैप

भाजपा जम्मू-कश्मीर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 साल पूरे होने पर समीक्षा बैठक कर तैयार की रोडमैप

जम्मू, 9 जून (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जम्मू-कश्मीर ने पार्टी मुख्यालय, त्रिकूटा नगर, जम्मू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के 11 वर्षों के सफल पूर्ण होने के अवसर पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा ने की। बैठक का उद्देश्य देशव्यापी अभियान विकसित भारत का अमृतकाल सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 साल के तहत प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों का आकलन करना और उनकी रूपरेखा अंतिम रूप देना था। इस दौरान जम्मू-कश्मीर के अभियान प्रभारी व भाजपा महासचिव अधिवक्ता विवोध गुप्ता, भाजपा मुख्यालय प्रभारी व पूर्व मंत्री प्रिया सेठी, अभियान सह-प्रभारी पवन शर्मा और रेखा महाजन, वरिष्ठ पदाधिकारी पर्वत सिंह जम्वाल, राकेश महाजन, डॉ. प्रदीप महोत्रा, प्रो. कुलभूषण महोत्रा, अंकित गुप्ता, वेद शर्मा, गौरव बलगोत्रा, डॉ. मैक्सन टिकू आदि उपस्थित रहे।

सत शर्मा ने नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के इस अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अटल संकल्प और दूरदर्शी नीतियों का संदेश हर घर तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य है। हमे प्रभावी प्रदर्शनियां, पेशेवर बैठकें, कॉर्नर मीटिंग, प्रेस कॉन्फ्रेंस, पंपलेट वितरण, और घर-घर जाकर जनसंपर्क को जोर-शोर से संचालित करना होगा। उन्होंने बूथ स्तर पर समन्वय और समाज के सभी वर्गों के साथ सक्रिय जुड़ाव पर विशेष बल दिया। उनका कहना था, हर आयोजन सेवा, विकास और राष्ट्रीय एकता की भावना को दर्शाए। यह अभियान केवल उत्सव नहीं, बल्कि आने वाले परिवर्तन के लिए एक सक्रिय पुकार है।

अधिवक्ता विवोध गुप्ता ने वर्तमान राजनीतिक माहौल में भ्रामक प्रचार के खिलाफ सच्चाई और सशक्त डेटा के माध्यम से सटीक जनसंपर्क की आवश्यकता” पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी के शांति, विकास और आत्मनिर्भरता के विजन का सच्चा दूत बने। पूर्व मंत्री प्रिया सेठी ने कहा कि इस अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी को भी जनसंपर्क में शामिल करना आवश्यक है। हमें वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता अभियान, और प्लास्टिक उपयोग में कमी जैसे कार्यक्रमों में जनता की भागीदारी बढ़ानी होगी। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं को व्यापक जनसम्पर्क अभियान में जुटने का आह्वान किया गया।

(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा

Most Popular

To Top