Uttar Pradesh

भाजपा राष्ट्र निर्माण व अंत्योदय के उत्थान काे समर्पित विश्व की सबसे बड़ी पार्टी : भूपेंद्र सिंह चौधरी

कार्यशाला में बोलते प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी

फिरोजाबाद, 24 अगस्त (Udaipur Kiran) । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी में राष्ट्र प्रथम एवं लोक कल्याण की भावना के साथ अधिक से अधिक लोगो को सदस्यता दिलाने हेतु सक्रिय रूप से कार्ययोजना पर कार्य करना है। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी हमला बोला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी महानगर द्वारा आयोजित सदस्यता अभियान कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए थे।

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में हम विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी को जन-जन तक ‘सबका साथ सबका विश्वास’ के संकल्प के साथ सिद्धि तक पहुंचाने के लिए संकल्पित हैं। राष्ट्र निर्माण व अंत्योदय के उत्थान हेतु समर्पित विश्व की विशालतम पार्टी भारतीय जनता पार्टी को राष्ट्र निर्माण और अंत्योदय के उत्थान के पथ पर मजबूती से चलने के लिए और अधिक सशक्त व विशाल करने हेतु व्यापक रूप से लोगों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराने का आह्वान करते हुए सशक्त भाजपा-समृद्ध उत्तर प्रदेश, विकसित भारत के लिए सदस्यता अभियान 2024 के अंतर्गत सदस्यता विस्तार की व्यापक रणनीति पर गहन विचार-विमर्श किया। साथ ही प्रदेश स्तर से लेकर जिला स्तर तक, जिला स्तर से मंडल स्तर तक, तथा मंडल स्तर से लेकर बूथ स्तर तक सदस्यता अभियान को व्यापक रूप से प्रचारित और प्रसारित करने का पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। उन्हाेंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि इस अभियान के माध्यम से न केवल पार्टी की सदस्य संख्या में वृद्धि हो, बल्कि प्रदेश व देश के विकास में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो।

कार्यशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी ब्रज बहादुर भारद्वाज व दुर्विजय सिंह शाक्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष ब्रज क्षेत्र ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस, सपा सहित अन्य विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। महानगर कार्यशाला की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार व संचालन केशव फौजी व अवधेश पाठक सीए ने किया। इस दौरान प्रमुख रूप से क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनिल चौधरी, जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर, ठा. विश्वदीप सिंह, डॉ अमित गुप्ता, नानक चंद्र अग्रवाल, सुनील टण्डन, शिवमोहन श्रोतीय, राजेन्द्र बोहरे, डॉ लक्ष्मी नारायण यादव पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) / कौशल राठौड़ / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top