
लखनऊ, 28 अगस्त (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के 2 सितम्बर से शुरू हो रहे सदस्यता अभियान को लेकर प्रदेश में सभी मोर्चों की प्रदेश स्तरीय सदस्यता अभियान कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। गुरुवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश पदाधिकारियों और जिला प्रभारियों की बैठक सदस्यता अभियान को लेकर आयोजित की गई है। बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह मौजूद रहेंगे।
प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल ने बताया कि 29 अगस्त को किसान मोर्चा द्वारा प्रदेश स्तरीय सदस्यता अभियान की कार्यशाला राजधानी लखनऊ के विश्वेश्वरैया हाल व अनुसूचित जनजाति मोर्चा की सदस्यता अभियान की कार्यशाला पार्टी के राज्य मुख्यालय तथा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश स्तरीय सदस्यता अभियान की कार्यशाला गांधी भवन, शहीद स्मारक कैसरबाग, लखनऊ में आयोजित होगी।
श्री शुक्ल ने बताया कि 30 अगस्त को अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश स्तरीय सदस्यता अभियान कार्यशाला भागीदारी भवन गोमतीनगर, लखनऊ तथा विभाग एवं प्रकोष्ठ की सदस्यता अभियान कार्यशाला भारतीय जनता पार्टी राज्य मुख्यालय पर आयोजित की जाएगी। इसके बाद 01 सितम्बर 2024 को युवा मोर्चा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला वाराणसी में आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान को लेकर महिला मोर्चा व पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश कार्यशाला सम्पन्न हो चुकी है।
—————
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन यादव
