
गुवाहाटी, 08 मार्च (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी, असम प्रदेश महिला मोर्चा के तत्वावधान में और गुवाहाटी महानगर महिला मोर्चा के सहयोग से गुवाहाटी के कर भवन में आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित गौहाटी विश्वविद्यालय शिक्षा विभाग की सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्राध्यापिका निलीमा भगवती ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नारी वंदनीय, अभिनंदनीय और नारायणी शक्ति है। हर क्षेत्र में महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं और विकसित असम के सपने को साकार करने की दिशा में अग्रसर हैं।
असम की वित्त मंत्री अजंता नेओग ने राज्य सरकार की ‘अरुणोदय’ योजना को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि अब भारत के विभिन्न राज्य इसे एक आदर्श योजना के रूप में अपना रहे हैं।
कार्यक्रम में असम की विशिष्ट महिलाओं को सम्मानित किया गया। असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने ‘असम गौरव सम्मान’ से धृतिमाला डेका, पद्मश्री पार्वती बरुवा, लोकगायिका धनदा पाठक, पैरा एथलीट जूरी डेका, उद्योगपति अक्षता नारायण, हस्तशिल्प कलाकार अनामिका दलै सैकिया, गौहाटी मेडिकल कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. उमा काइमल सैकिया और शिक्षाविद् डॉ. मंजू देवी पेगू को सम्मानित किया।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का संचालन असम प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष स्वप्ना बनिया ने किया। कार्यक्रम में असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया, वित्त मंत्री अजंता नेओग, गुवाहाटी लोकसभा सांसद बिजुली कलिता मेधी, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजया चक्रवर्ती और पूर्व सांसद क्वीन ओझा भी मौजूद रहीं।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
