
– भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री ने बूथ समिति की बैठक को किया संबोधित
हरदा, 9 अप्रैल (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत व परिश्रम से दो सांसदों से देश सेवा का सफर शुरू करने वाली भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुकी है। भाजपा राष्ट्र प्रथम व अंत्योदय के सिद्धांत को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीब, युवा, महिला व किसान कल्याण के साथ भारत को विकसित राष्ट बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं।
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद बुधवार को पार्टी की स्थापना दिवस के अंतर्गत गांव/बस्ती चलो अभियान के तहत हरदा जिले के टिमरनी विधानसभा के करताना मंडल के ग्राम पोखरनी में आयोजित बूथ समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया एवं गौशाला में श्रमदान कर शोभा यात्रा में शामिल हुए।
भाजपा ने अपने विचारों से कभी समझौता नहीं किया, हर संकल्प को पूरा करने प्रतिबद्ध
प्रदेश संगठन महामंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचार आधारित दल है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता अपने विचारों से कभी समझौता नहीं करता। राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ भाजपा का हर कार्यकर्ता देश और समाज की सेवा कर रहा है और जरूरत पड़ने पर अपना सर्वस्व न्यौछावर करने को भी तैयार रहता है। पार्टी का स्थापना दिवस हमें अपने संगठन के महापुरूषों के पथ पर चलते हुए देश और समाज की सेवा करने की प्रेरणा देता है। जनसंघ के जमाने से ही हमने देश की सेवा करने के साथ कई संकल्प लिए थे, उन संकल्पों को पूरा किया जा रहा है।
अंत्योदय के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं पार्टी कार्यकर्ता
हितानंद ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा दिए गए अंत्योदय के सिद्धांत को लेकर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार अंत्योदय के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। केंद्र सरकार और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार गरीब कल्याण की कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जो गरीबों का जीवन संवारने का कार्य कर रही हैं। भाजपा अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति को समाज की मुख्य धारा में लाकर सामाजिक समरसता का कार्य कर रही है। इसलिए आप सभी कार्यकर्ता भाजपा की डबल इंजन की सरकारों की लाभार्थी योजनाओं और गरीब कल्याण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, पूर्व विधायक संजय शाह, मंडल अध्यक्ष सुनील डूडी सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत
