Uttar Pradesh

भाजपा ने संगठन की मजबूती एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर की बैठक

महानगर अध्यक्ष

प्रयागराज, 04 अगस्त (Udaipur Kiran) । संगठन की मजबूती एवं आगामी कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ, अल्पसंख्यक, अनुसूचित एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा की बैठक रविवार को सिविल लाइन स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी कार्यकर्ता पूरे जी जान से लग जाएं।

महानगर अध्यक्ष ने 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि व्यापार प्रकोष्ठ को और अधिक मजबूत होना होगा, इसके लिए व्यापारियों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना होगा एवं सरकार द्वारा व्यापारियों के हितों में किए कार्यों को बताना होगा। अनुसूचित मोर्चा की बैठक में महानगर अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने अनुसूचित समाज को सम्मान देने का काम किया है। संगठन में मोर्चा के मेहनती कार्यकर्ताओं को भी उचित सम्मान दिया जा रहा है।

इसलिए कार्यकर्ताओं को भी चाहिए कि वे संगठन की मजबूती के लिए पूरे समर्पण भाव से काम करें। वहीं अनुसूचित जनजाति मोर्चा की बैठक में महानगर अध्यक्ष ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दें। मोर्चा को और अधिक मजबूत बनाने में हर कार्यकर्ता अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र, मनीष गुप्ता, विजय गुप्ता, राजेश सोनकर, नवाब खान, राजेश गोंड, मुरारी लाल अग्रवाल, अजय हेला, आनंद जायसवाल, विकास अग्रहरी, शिवांग द्विवेदी, संदीप शुक्ला, अनिकेत, राकेश भारती, प्रशांत शुक्ला, मीडिया प्रभारी विवेक मिश्र सहित संबंधित मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

-फुटपाथ व्यापारी एकता समिति ने सौंपा ज्ञापन

फुटपाथ व्यापारी एकता समिति ने नगर निगम के मनमानी रवैये से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र को ज्ञापन सौंपा।

समिति के संरक्षक विजय गुप्ता एवं समिति के जिलाध्यक्ष विकास अग्रहरी ने व्यापारियों के साथ महानगर अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि नगर निगम के मनमाने रवैए के चलते आए दिन पटरी दुकानदारों को उजाड़ दिया जाता है, जबकि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पटरी दुकानदारों के हित की बात करते हैं। यही नहीं, व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम की टाउन वेल्डिंग कमेटी में कुछ लोग सदस्य बनकर वसूली कर रहे हैं, ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाए। इस मामले पर भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र ने कहा कि व्यापारी समाज भाजपा का महत्वपूर्ण अंग है और सरकार लगातार व्यापारियों के हित में काम कर रही है। स्थानीय स्तर पर जो समस्या सामने आ रही है, नगर निगम के जिम्मेदारों से वार्ता कर जल्द उसका समाधान निकाला जाएगा।

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र / Siyaram Pandey

Most Popular

To Top