HEADLINES

हरियाणा में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा की सरकारः डॉ मोहन यादव

हरियाणा के तोशाम में मप्र के मुख्यमंत्री ने किया रोड शो
डॉ. यादव ने हरियाणा में बाबा मस्तनाथ की समाधि पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए

-मप्र के मुख्यमंत्री ने हरियाणा के तोशाम में किया रोड शो, कहा- राहुल गांधी दो बार फेल हो चुके, अब तीसरी बार फिर फेल होंगे

भोपाल, 03 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गुरुवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जिला झज्जर के मातनहेल और भिवानी जिले के तोशाम विधानसभा क्षेत्र के तोशाम में रोड शो किया और पार्टी प्रत्याशियों को ज्यादा से ज्यादा मतों से जिताने की अपील आम जनता से की है।

इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हरियाणा में एक बार फिर हर तरफ भाजपा का माहौल है और तीसरी बार प्रचंड बहुमत से फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। आज जहां मैंने पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया, वहां हमें ऐतिहासिक जीत हासिल होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी हरियाणा में पिछले दो चुनावों में फेल हो चुके हैं और अब तीसरी बार हरियाणा में भी फेल होंगे।

हरियाणा की जनता समझदार, भाजपा को चुनेगी

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि हरियाणा की जनता बहुत समझदार है। यहां की जनता अपने प्रदेश और देश के विकास के लिए भाजपा को ही अपना आशीर्वाद दे रही है। झज्जर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी कप्तान बिरधाना और तोशाम विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बंसीलाल की पोती श्रुति चौधरी क्षेत्र के विकास के प्रति प्रतिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा में अभी डबल इंजन की सरकार कार्य कर रही है। विपक्षी दलों के पास विकास का कोई विजन नहीं है। हरियाणा के विकास के लिए भाजपा यहां तीसरी बार ऐतिहासिक बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।

साफा पहनाकर किया स्वागत, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

मुख्यमंत्री डॉ यादव का ने झज्जर विधानसभा में लगभग 15 किमी लंबा रोड शो किया। उनका काफिला मातनहेल, तुच्छकवास, खेड़ी और खातिवास से निकला। तोशाम विधानसभा के तोशाम में आयोजित रोड शो डॉ यादव का भव्य स्वागत किया गया। रोड शो के दौरान लगातार ‘भाजपा जिंदाबाद’, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद’ के नारे लगाए जा रहे थे। रोड शो का सड़क किनारे हजारों लोगों ने पुष्पवर्षा और साफा पहनाकर डॉ यादव का स्वागत किया। चौक-चौराहों पर आतिशबाजी और पटाखा फोड़कर रोड शो का स्वागत किया गया। रोड शो के दौरान भाजपा प्रत्याशियों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करने और मुख्यमंत्री डॉ यादव का स्वागत करने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा।

डॉ यादव ने हरियाणा में बाबा मस्तनाथ की समाधि पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हरियाणा प्रवास के दौरान गुरुवार को रोहतक में सिद्ध शिरोमणि बाबा मस्तनाथ की समाधि स्थल पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी का भ्रमण कर विश्वविद्यालय के विभिन्न प्रभागों का अवलोकन भी किया।

उल्लेखनीय है कि नाथ संप्रदाय का भारतीय संस्कृति एवं समाज में महत्वपूर्ण योगदान है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि इस पावन स्थल पर पहुंचकर उन्हें संतोष हुआ है। नाथ संप्रदाय ने जाति, मत और भाषा का कभी अनादर नहीं किया, सभी को पूर्ण सम्मान दिया है और सबको जोड़ने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री डॉ यादव का बाबा मस्तनाथ मठ (आश्रम) के पदाधिकारियों ने स्वागत किया और बाबा मस्तनाथ की लघु प्रतिमा भी स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top