
जयपुर, 22 जनवरी (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने दिल्ली में भाजपा की जीत का दावा करते हुए राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि दिल्ली का चुनाव भाजपा जीत चुकी है, सिर्फ परिणाम घोषित होना बाकी है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इतने ‘अच्छे आदमी’ हैं कि कांग्रेस को पूरे देश से समाप्त कर देंगे। अग्रवाल बुधवार को जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो 2013 के पहले ही दिल्ली से खत्म हो चुकी थी। राहुल गांधी भगवान से प्रार्थना करें कि उनकी अच्छाई बनी रहे, क्योंकि वह कांग्रेस की कब्र खोदने का काम बखूबी कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि आप पार्टी का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है। वह सिर्फ झूठ, भ्रष्टाचार और धन वसूली की राजनीति करती है। फ्री बिजली का वादा करके जनता से पैसे वसूलती है। शिक्षा और स्वास्थ्य के नाम पर कुछ नहीं किया और अब तो मुफ्त शराब बांटने का काम कर रही है। राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर अग्रवाल ने कहा कि यह पूरी तरह से मुख्यमंत्री का अधिकार है। मंत्रिमंडल विस्तार होगा या नहीं, इसका फैसला वही करेंगे। उन्होंने इस बारे में मुझसे कोई चर्चा नहीं की है और इसकी जरूरत भी नहीं है। मुख्यमंत्री पूरी तरह सक्षम हैं और समय आने पर उचित निर्णय लेंगे। राजस्थान भाजपा के संगठन चुनावों पर अग्रवाल ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया जारी है। जिला अध्यक्षों की सूची तैयार की जा रही है। 45 से 60 वर्ष की उम्र के बेदाग छवि वाले, भ्रष्टाचार के आरोपों से मुक्त और पिछले दो चुनावों में पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। योग्यतम लोगों को जिला अध्यक्ष बनाया जाएगा।भाजपा संगठन चुनावों में देरी और विवादों के सवाल पर उन्होंने कहा कि पूरे देश में संगठन चुनाव चल रहे हैं और राजस्थान कई राज्यों से आगे है। मंडल अध्यक्ष बड़ी संख्या में बनाए गए हैं, और आपत्तियां बहुत कम आई हैं। पारदर्शिता बनाए रखते हुए लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव कराए जा रहे हैं।कांग्रेस के आरोपों पर जवाब देते हुए अग्रवाल ने कहा कि जनता कांग्रेस को अच्छी तरह से जान चुकी है। चुनावों में कांग्रेस को जनता ने करारा जवाब दिया है। अब कांग्रेस सिर्फ आरोप लगाने का काम कर रही है, लेकिन इससे भाजपा को नुकसान नहीं, बल्कि फायदा ही होगा।
(Udaipur Kiran)
