Uttar Pradesh

भाजपा सरकार ने कमजोर पड़ने के कारण ध्वस्तीकरण का फैसला टाला : अखिलेश यादव

भाजपा सरकार ने कमजोर पड़ने के कारण ध्वस्तीकरण का फैसला टाला : अखिलेश यादव

लखनऊ, 17 जुलाई (Udaipur Kiran) । भाजपा में कुर्सी की लड़ाई से जनता परेशान है। सरकार ने जनता को अपने हाल पर छोड़ दिया है। लखनऊ में ध्वस्तीकरण के फैसला टालना कमजोर पड़ने के कारण हुआ है। यह बातें समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए लगाए। वे बुधवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को सम्बोधित कर रहे थे।

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार में यह कमजोर पड़े हैं इसलिए इन्होंने अपना ध्वस्तीकरण (पंतनगर, इंद्रप्रस्थनगर) का फैसला टाला है। यह सिर्फ टाला है हमेशा—हमेशा के लिए खत्म नहीं हुआ है। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि यह सरकार मजबूत होती तो इनका घर भी उजाड़ देती।

उन्होंने कहा कि गोमती रिवर फ्रंट इस देश का सबसे अच्छा रिवर फ्रंट है। यह नाले पर रिवर फ्रंट बना रहे हैं। रिवर फ्रंट रिवर पर बनता है, नाले पर नहीं। यह बात अखिलेश ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कही।

शिक्षकों की आनलाइन हाजिरी के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षकों की जो ऑनलाइन अटेंडेंस थी वह स्थगित नहीं, निरस्त हो। भाजपा के लोगों ने कुर्सी की लड़ाई में पूरा एडमिनिस्ट्रेशन खत्म कर दिया। कुर्सी की लड़ाई में जनता बहुत परेशान है। एक महिला न्याय मांगने गई और उसने आत्मदाह कर लिया। वहां की पुलिस, स्थानीय प्रशासन क्या कर रहा था? इनके विधायक-मंत्री आरोप लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री खुद स्वीकार कर रहे हैं कि दलाली हो रही है। फिर दलाली करने वालों पर एक्शन क्यों नहीं ले रहे हैं।अखिलेश ने ​उप्र की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर किए सवाल पर उन्होंने कहा कि बेहतर और सपा के पक्ष में परिणाम आएंगे।

जिला पंचायत सदस्य समेत कई लोगों ने ली सपा की सदस्यता

पत्रकार वार्ता से पूर्व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोसाईंगंज जिला पंचायत सदस्य विजय बहादुर सपा में शामिल कराया। उनके साथ दर्जनों समर्थक और कार्यकर्ताओं ने सपा की सदस्यता ली। इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि विजय बहादुर पूर्व में जिला पंचायत अध्यक्ष और इनके साथी सहयोगी के सपा में आने से पार्टी को मजूबती मिली है।

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा / Siyaram Pandey

Most Popular

To Top