
भोपाल, 30 अप्रैल (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा बुधवार को पन्ना जिले के पवई विधानसभा के ग्राम बनौली कुआंताल में मां कंकाली माता मंदिर प्रांगण में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने सामूहिक विवाह सम्मेलन को संबोधित करते कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार जनता के कल्याण के लिए योजनाएं बनाकर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन योजना सामाजिक सुधार का बड़ा कार्य है।
उन्होंने नवदंपतियों को पौधा भेंटकर कहा कि सभी वर-वधु वैवाहिक वर्षगांठ पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने 900 से अधिक जोड़ों को सफल, सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद एवं मंगलकामनाएं दीं साथ ही उपहार और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत मिलने वाला चेक भेंट किया। कार्यक्रम को पूर्व मंत्री व विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं विधायक प्रहलाद लोधी ने भी संबोधित किया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन सामाजिक सुधार का बड़ा कार्य
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की डबल इंजन की भाजपा सरकार हर वर्ग के कल्याण और आर्थिक उत्थान के लिए कार्य कर रही है। मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार गरीब परिवारों की बेटियों की शादी की सामाजिक जिम्मेदारी निभा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन सामाजिक सुधार का बड़ा कार्य है। भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के साथ सबका प्रयास के ध्येय वाक्य के साथ हर समाज वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर मां कंकाली माता मंदिर प्रांगण में इतनी बड़ी संख्या में नव वर-वधु आज दांपत्य सूत्र में बंधे हैं, यह दर्शाता है कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत को प्रतिपादित करते हुए अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
भाजपा सरकार संपूर्ण बुंदेलखंड क्षेत्र का विकास कर रही है
उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में जब मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी, उसके पहले मध्यप्रदेश बीमारू राज्य था और संपूर्ण बुंदेलखंड बहुत सूखा और विकास में पिछड़ा हुआ था। कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं ने बुंदेलखंड के विकास के नाम पर अपना हित साधने का कार्य किया है। मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद से बुंदेलखंड के विकास को लेकर कार्य शुरू हुए। मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार बुंदेलखंड को विकास के मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया है। इस क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या पानी की थी, सूखे के रूप में मशहूर बुंदेलखंड को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार हरा भरा और खुशहाल बुंदेलखंड बनाने का कार्य कर रही है। बुंदेलखंड क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना कराकर इस क्षेत्र में रोजगार के अवसर सृजित करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। बुंदेलखंड क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़कों का जाल बिछाने का कार्य भाजपा की सरकारों ने ही किया है।
परशुराम की जयंती कार्यक्रम में हुए शामिल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर पन्ना के भगवान श्रीराम जानकी मंदिर पहुंचकर पूजन-अर्चन किया और प्रदेश की जनता के सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने श्रीराम जानकी मंदिर से निकाली गई शोभा यात्रा में शामिल होकर प्रदेशवासियों को भगवान परशुराम की जयंती की शुभकामनाएं दीं। शर्मा पन्ना प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। कार्यक्रमों के दौरान वरिष्ठ नेता रामकृष्ण कुसमरिया, पूर्व मंत्री व विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, विधायक प्रहलाद लोधी, पूर्व जिला अध्यक्ष सदानंद गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, जनपद अध्यक्ष मोहिनी मिश्रा, रविराज यादव सहित पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष ने सागर में पदाधिकारियों से भेंटकर दमोह में विवाह समारोह में हुए शामिल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा बुधवार को पन्ना प्रवास पहुंचने से पहले अल्प प्रवास पर सागर पहुंचे जहां जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी एवं ग्रामीण अध्यक्ष रानी कुशवाहा सहित पार्टी पदाधिकारियों ने उनका स्वागत कर संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी। शर्मा ने सभी को भगवान श्री परशुराम प्राकट्योत्सव की शुभकामनाएं दी। उन्होंने दमोह जिले के राजगढ़ी में सांसद राहुल लोधी एवं पूर्व विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी के भतीजे श्री अखिल प्रताप सिंह के विवाह समारोह में उपस्थित होकर परिवारजनों को बधाई दी।
(Udaipur Kiran) तोमर
